✕

होम / बिजनेस / शादी का सीजन देगा बाजार को बड़ा बूस्ट, 25 दिन में 7.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान

शादी का सीजन देगा बाजार को बड़ा बूस्ट, 25 दिन में 7.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान

कैट के मुताबिक, इस विवाह सीजन से न सिर्फ बाजारों में खरीदारी बढ़ेगी, बल्कि करीब 1.25 करोड़ लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 12 hours ago

देश में 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है. कारोबारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के मुताबिक, इस दौरान शादी से जुड़े सामान और सेवाओं पर कुल 7.50 लाख करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं. अकेले दिल्ली-NCR में करीब 5 लाख शादियों से 2.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है. इस विवाह सीजन से न सिर्फ बाजारों में खरीदारी बढ़ेगी, बल्कि करीब 1.25 करोड़ लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं.

शादी के सीजन से बाजारों को मिलेगा बड़ा बूस्ट

कैट के मुताबिक, 15 दिसंबर के बाद मलमास शुरू होने के कारण विवाह समारोहों पर विराम लग जाएगा. ऐसे में 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक के 25 दिन कारोबारियों और सेवा क्षेत्र के लिए काफी अहम रहने वाले हैं. इस दौरान आभूषण, कपड़े, उपहार, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान की खरीदारी बढ़ने के साथ होटल, बैंक्वेट हॉल, कैटरिंग, सजावट और परिवहन जैसी सेवाओं की मांग में भी तेजी आने की उम्मीद है.

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि ये अनुमान संगठन की शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी (CRTDS) ने तैयार किए हैं. इसके लिए 25 राज्यों के प्रमुख बाजारों में 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 व्यापारिक संगठनों के साथ विचार-विमर्श और सर्वेक्षण किया गया है.

सोना और कपड़ों की खरीदारी पर सबसे ज्यादा खर्च

कैट के अनुमान के मुताबिक, शादी के इस सीजन में कुल 7.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार में से 4.05 लाख करोड़ रुपये वस्तुओं और खुदरा खरीदारी से आने की संभावना है. वहीं, 3.45 लाख करोड़ रुपये का कारोबार सेवाओं के क्षेत्र से हो सकता है.

वस्तुओं की खरीदारी में सबसे बड़ा हिस्सा आभूषणों और बहुमूल्य धातुओं का रहने का अनुमान है. इस मद में करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं. वहीं, परिधान, साड़ी और कपड़ों की खरीदारी से 90 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है.

इसके अलावा उपहार और विवाह से जुड़ी सामग्री पर 37,500 करोड़ रुपये तथा किराना और खाद्य सामग्री पर भी 37,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई, सूखे मेवे, फर्नीचर और घरेलू सामान की बिक्री से भी बाजार को फायदा मिल सकता है.

होटल, बैंक्वेट और कैटरिंग कारोबार में भी तेजी

शादी के सीजन में सेवा क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. कैट के अनुसार, कैटरिंग और खानपान सेवाओं से करीब 75 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है. वहीं, विवाह स्थल, बैंक्वेट हॉल और होटलों का कारोबार 60 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है.

इवेंट मैनेजमेंट और वेडिंग प्लानिंग पर करीब 37,500 करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं. फूलों की सजावट और वेडिंग डेकोर के कारोबार से भी इतनी ही राशि आने की संभावना है. इसके अलावा यात्रा, परिवहन, संगीत, डीजे, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, ब्यूटी और ग्रूमिंग से जुड़े कारोबारियों को भी इस सीजन में अच्छी मांग मिलने की उम्मीद है.

दिल्ली-NCR में 5 लाख शादियों से 2.50 लाख करोड़ का कारोबार

दिल्ली-NCR में इस विवाह सीजन के दौरान करीब 5 लाख शादियां होने का अनुमान है. कैट के मुताबिक, इनसे क्षेत्र में लगभग 2.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है.

दिल्ली के चांदनी चौक, खारी बावली, सदर बाजार, करोल बाग, लाजपत नगर, गांधी नगर, कमला नगर, कनॉट प्लेस, खान मार्केट, ग्रेटर कैलाश, प्रीत विहार और शाहदरा जैसे प्रमुख बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है.

इन बाजारों में दिल्ली के अलावा आसपास के राज्यों से भी व्यापारी और खुदरा दुकानदार खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में शादी के सीजन का असर राजधानी के थोक और खुदरा कारोबार पर बड़े स्तर पर दिखाई दे सकता है.

1.25 करोड़ लोगों के लिए रोजगार के अवसर

विवाह सीजन का असर रोजगार पर भी देखने को मिल सकता है. कैट के अनुमान के मुताबिक, देशभर में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और अंशकालिक रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं.

इससे टेंट संचालकों, फूल विक्रेताओं, डेकोरेटर्स, कैटरर्स, फोटोग्राफरों, वीडियोग्राफरों, ब्यूटीशियन, ड्राइवरों, होटल कर्मचारियों, इवेंट मैनेजरों और तकनीकी कामगारों को काम मिलेगा. इसके अलावा छोटे दुकानदारों और स्थानीय कारीगरों की आमदनी बढ़ने की भी उम्मीद है.

पांच साल में 3.75 लाख करोड़ से बढ़कर 7.50 लाख करोड़ हुआ कारोबार

कैट के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय विवाह बाजार में पिछले कुछ वर्षों के दौरान लगातार विस्तार हुआ है. वर्ष 2022 में 32 लाख शादियों से 3.75 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान था. 2023 में 38 लाख शादियों से यह आंकड़ा 4.74 लाख करोड़ रुपये और 2024 में 48 लाख शादियों से 5.90 लाख करोड़ रुपये रहा.

वर्ष 2025 में 46 लाख शादियों से 6.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया था. अब 2026 में 52 लाख शादियों से 7.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना जताई गई है.

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने कहा कि भारतीय विवाह बाजार की यह क्षमता देश के घरेलू बाजार और उपभोक्ताओं के बढ़ते आर्थिक विश्वास को दर्शाती है. वहीं, संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल के मुताबिक, हर शादी अपने साथ कारोबार और रोजगार के कई अवसर लेकर आती है.

कैट ने परिवारों से विवाह की खरीदारी में भारतीय उत्पादों और स्थानीय कारोबारियों को प्राथमिकता देने की अपील की है. संगठन का कहना है कि स्वदेशी कपड़ों, आभूषणों, हस्तशिल्प, घरेलू सामान और विवाह उपहारों की खरीद से छोटे व्यापारियों, कारीगरों और घरेलू उद्योगों को मजबूती मिलेगी.

कुल मिलाकर, आगामी विवाह सीजन खुदरा बाजार, विनिर्माण, पर्यटन, परिवहन और सेवा क्षेत्र में बड़ी आर्थिक गतिविधि पैदा कर सकता है. हालांकि, कारोबार और रोजगार से जुड़े ये सभी आंकड़े कैट के सर्वेक्षण पर आधारित अनुमान हैं.

 


टैग्स
सम्बंधित खबरें

FY28 में भारत को सस्ता कच्चा तेल दे सकता है बड़ा फायदा, रुपये की मजबूती बन सकती है चुनौती: CEA

मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) वी. अनंत नागेश्वरन ने बुधवार को कहा कि ऊर्जा की लागत घटने से देश की आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिल सकता है. इसके साथ ही महंगाई और कंपनियों की उत्पादन लागत में भी कमी आने की संभावना है.

13 hours ago

सरकारी बैंकों का रिकॉर्ड मुनाफा, 6 महीने में कमाए 1.10 लाख करोड़ रुपये; कारोबार 300 लाख करोड़ के पार

वित्त मंत्रालय के मुताबिक, सरकारी बैंकों ने लगातार पांचवें साल लाभप्रदता में सुधार दर्ज किया है. यह प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और जोखिम प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए किए गए सुधारों का नतीजा है.

14 hours ago

भारत ने इटली से मांगा जहाजों की रीसाइक्लिंग में सहयोग, द्विपक्षीय व्यापार 50 अरब यूरो तक पहुंचाने का लक्ष्य

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी के साथ बैठक में भारतीय शिप रीसाइक्लिंग यार्ड को यूरोपीय आयोग की मंजूरी दिलाने का मुद्दा उठाया. दोनों देशों ने मौजूदा 20 अरब यूरो के व्यापार लक्ष्य को बढ़ाकर 50 अरब यूरो करने का प्रस्ताव रखा है.

17 hours ago

समुद्र में और मजबूत होगी भारतीय नौसेना, इजराइल के साथ 1,976 करोड़ रुपये का रक्षा समझौता

दुश्मन की मिसाइलों और हवाई हमलों से युद्धपोतों की सुरक्षा होगी मजबूत, रक्षा मंत्रालय ने इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये की डील की है. इसके तहत बाराक मिसाइल सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को आधुनिक बनाया जाएगा.

17 hours ago

शेयर बाजार में आज भी रह सकती है गिरावट, 80 अंक टूटा गिफ्ट निफ्टी; इन 17 शेयरों पर रहेगी नजर

बुधवार को सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61 फीसदी गिरकर 82,031.81 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 159.45 अंक यानी 0.63 फीसदी टूटकर 25,227.95 के स्तर पर आ गया था.

17 hours ago


बड़ी खबरें

'कच्चा माल बेचने के बजाय तैयार उत्पाद बनाएं', उद्योगपतियों से PM मोदी की बड़ी अपील

फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की सालाना आम बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय कंपनियों को अगले 20 वर्षों के निवेश और कारोबार से जुड़े फैसले लेते समय 'इंडिया फर्स्ट' की सोच अपनानी चाहिए.

9 hours ago

शेयर बाजार में तूफानी वापसी, 5 घंटे में निवेशकों ने कमाए 7.59 लाख करोड़ रुपये; सेंसेक्स 1,231 अंक उछला

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी मानी जा रही है. आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने बुधवार को 5,866.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. नवंबर में अब तक उनका कुल निवेश 1,06,229 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

9 hours ago

शादी का सीजन देगा बाजार को बड़ा बूस्ट, 25 दिन में 7.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान

कैट के मुताबिक, इस विवाह सीजन से न सिर्फ बाजारों में खरीदारी बढ़ेगी, बल्कि करीब 1.25 करोड़ लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं.

12 hours ago

जापान में एनटीटी डोकोमो के साथ ज्वाइंट वेंचर बनाएगी इन्फोसिस, 10 मिलियन डॉलर का करेगी निवेश

इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां जापान में ऐसा वर्चुअल इकोनॉमिक इकोसिस्टम तैयार करेंगी, जो मेटावर्स के जरिए कारोबार को वास्तविक दुनिया के वाणिज्य से जोड़ेगा.

12 hours ago

अब PNB की शाखाओं से भी कर सकेंगे म्यूचुअल फंड में निवेश, SBI MF के साथ समझौता

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ग्राहक अब देशभर में बैंक की शाखाओं के जरिए एसबीआई म्यूचुअल फंड की विभिन्न योजनाओं में निवेश कर सकेंगे. इस साझेदारी के तहत ग्राहकों को निवेश संबंधी जानकारी, डिजिटल सुविधाएं और बैंक कर्मचारियों की मदद भी मिलेगी.

14 hours ago