होम / बिजनेस / शेयर बाजार में आज भी रह सकती है गिरावट, 80 अंक टूटा गिफ्ट निफ्टी; इन 17 शेयरों पर रहेगी नजर
शेयर बाजार में आज भी रह सकती है गिरावट, 80 अंक टूटा गिफ्ट निफ्टी; इन 17 शेयरों पर रहेगी नजर
बुधवार को सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61 फीसदी गिरकर 82,031.81 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 159.45 अंक यानी 0.63 फीसदी टूटकर 25,227.95 के स्तर पर आ गया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 hours ago
अमेरिकी और एशियाई बाजारों में कमजोरी के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सुस्त रहने के संकेत हैं. बुधवार को सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61 फीसदी गिरकर 82,031.81 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 159.45 अंक यानी 0.63 फीसदी टूटकर 25,227.95 के स्तर पर आ गया था. आज गिफ्ट निफ्टी करीब 80 अंक गिरकर 25,200 के नीचे कारोबार कर रहा है. ब्रेंट क्रूड की कीमतों में भी तेजी है. ऐसे में निवेशकों की नजर निफ्टी के 25,000 के अहम स्तर और कोल इंडिया, फिजिक्सवाला, भारत फोर्ज समेत कई शेयरों पर रहेगी.
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले सत्र में मुनाफावसूली के बाद आज बाजार की शुरुआत सतर्क रुख के साथ हो सकती है. हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की लगातार खरीदारी और कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों से घरेलू बाजार को सहारा मिल रहा है. इससे बाजार का व्यापक रुख सकारात्मक बना हुआ है.
ग्लोबल बाजारों से मिले-जुले संकेत
अमेरिकी शेयर बाजारों में बुधवार को मिला-जुला कारोबार देखने को मिला. डाउ जोंस और एसएंडपी 500 गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि नैस्डैक में मामूली तेजी दर्ज की गई. दूसरी ओर, गुरुवार को एशियाई बाजारों में कमजोरी बनी हुई है. जापान का निक्केई 225 मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि दक्षिण कोरिया के कोस्पी, हांगकांग के हैंगसेंग और चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.70 फीसदी से 1.5 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई.
दक्षिण कोरिया का कोस्पी भारतीय समयानुसार सुबह करीब 8 बजे 64.28 अंक यानी 1.27 फीसदी गिरकर 5,003 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के संकेतों से निवेशकों की चिंता बढ़ी है कि अमेरिका में ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती हैं. इसका असर वैश्विक शेयर बाजारों पर दिखाई दे रहा है.
निफ्टी के लिए 25,000 का स्तर अहम
विशेषज्ञों का कहना है कि निफ्टी पिछले पांच कारोबारी सत्रों से 25,000 से 25,500 के दायरे में कारोबार कर रहा है. आने वाले दिनों में भी इसके इसी रेंज में रहने की संभावना है. हालांकि, अगर निफ्टी 25,000 के नीचे फिसलता है, तो इसमें और गिरावट आ सकती है और यह 24,800 के स्तर तक पहुंच सकता है. इसके उलट, 25,500 के ऊपर टिकने पर इंडेक्स में दोबारा तेजी आ सकती है और यह 25,800 तक पहुंच सकता है. निफ्टी को छोटी अवधि में 24,700 से 24,800 के दायरे में मजबूत सपोर्ट मिल सकता है. हाल में इसी स्तर से ऊपर निकलने के बाद बाजार में तेजी आई थी. अगर इंडेक्स इस दायरे के ऊपर बना रहता है, तो बाजार का रुख सकारात्मक रह सकता है और गिरावट पर खरीदारी के अवसर मिल सकते हैं. इस सपोर्ट के ऊपर टिके रहने की स्थिति में निफ्टी आगे 25,800 से 26,000 के स्तर तक पहुंच सकता है.
14 महीने के निचले स्तर से संभला सोना
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली. हाजिर सोना 0.6 फीसदी बढ़कर 3,745.56 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाला अमेरिकी सोना वायदा 0.1 फीसदी की बढ़त के साथ 3,746.80 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था.
इन 17 शेयरों पर रहेगी नजर
गुरुवार को कोल इंडिया, फिजिक्सवाला, स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स, जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स, फीनिक्स मिल्स और भारत फोर्ज समेत 17 कंपनियों के शेयरों में हलचल रह सकती है. कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. फिजिक्सवाला ने वित्त वर्ष 2030 तक अपना रेवेन्यू 9,000-10,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जबकि स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स के शेयरधारकों ने 1,800 करोड़ रुपये तक फंड जुटाने की मंजूरी दी है. जीनस पावर ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 6,000-6,500 करोड़ रुपये का रेवेन्यू गाइडेंस बरकरार रखा है. भारत फोर्ज ने अपनी सब्सिडियरी कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स में 290.5 करोड़ रुपये का निवेश किया है और फीनिक्स मिल्स की सब्सिडियरी ने 374 करोड़ रुपये का शेयर बायबैक पूरा किया है. एलटी फूड्स ने अमेरिका में माया कैमल ब्रांड की मालिक कंपनी का 58 लाख डॉलर में अधिग्रहण किया है. एनएलसी इंडिया की सब्सिडियरी ने गुजरात में बैटरी एनर्जी स्टोरेज परियोजना के लिए समझौता किया है, वहीं जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट में 123 करोड़ रुपये का निवेश किया है. पीरामल फार्मा अपनी सब्सिडियरी यापन बायो की शेष 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की योजना बना रही है. टीटागढ़ रेल सिस्टम्स को चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स से 65.4 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है. सिटी यूनियन बैंक ने अनधिकृत एनईएफटी ट्रांजैक्शन के बाद प्रभावित एनईएफटी और आरटीजीएस गेटवे अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं. नाल्को ने रूस की कंपनी रूसाल के साथ रेड मड से स्कैंडियम निकालने की संभावनाएं तलाशने के लिए समझौता किया है. वहीं, सुप्रीम पेट्रोकेम के मुंबई कार्यालय में जीएसटी विभाग ने जांच की है. इसके अलावा आवास फाइनेंसियर्स ने अपनी प्राइम लेंडिंग रेट 0.20 फीसदी अंक बढ़ाकर 17.90 फीसदी कर दी है. साउथ इंडियन बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने भी अलग-अलग अवधि के कर्ज पर एमसीएलआर में बढ़ोतरी की है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स