होम / बिजनेस / अडानी समूह के शेयरों को लेकर बड़ी भविष्यवाणी, निवेश से पहले पढ़ ज़रूर लें
अडानी समूह के शेयरों को लेकर बड़ी भविष्यवाणी, निवेश से पहले पढ़ ज़रूर लें
शेयर बाजार में अडानी समूह की कई कंपनियों ने ज़बरदस्त प्रदर्शन किया है. इस वजह से निवेशकों में उन्हें लेकर उत्साह बढ़ गया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
बीते कुछ समय में अडानी समूह की कई कंपनियों शेयर रॉकेट की तरह भागे हैं. अडानी पावर ने बीते छह महीनों में 69.52% तेजी दर्ज की है और एक साल में यह आंकड़ा 253.12% पहुंच गया है. इसी तरह Adani Enterprises ने छह महीनों में 57.99% रिटर्न दिया है. ऐसे में अडानी समूह की कंपनियों में इन्वेस्ट करने वालों की संख्या बढ़ रही है. लेकिन क्या यह तेजी का ये सिलसिला आगे भी बरकरार रहेगा?
ट्रेंड बदलने के मिल रहे संकेत
एक रिपोर्ट में टेक्निकल इंडीकेटर TD Sequential के हवाले से बताया गया है कि गौतम अडानी की कंपनियों के स्टॉक में ट्रेंड बदलने के संकेत नजर आ रहे हैं. इस इंडीकेटर का अनुमान इसलिए भी मायने रखता है, क्योंकि पिछले एक दशक से यह अडानी ग्रुप के शेयरों में बीच-बीच में आई गिरावट की भविष्यवाणी करता रहा है.
इस शेयर में गिरावट संभव
TD Sequential ने 2009 से अब तक तीन बार अडानी इंटरप्राइजेज के शेयरों में गिरावट की भविष्यवाणी की है. अब उसका मानना है कि पिछले हफ्ते कंपनी के शेयरों में आई 7 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आने वाले दिनों में बढ़ सकती है. इस साल अब तक इस शेयर में 110% से ज्यादा की तेजी आ चुकी है. हालांकि, शेयर अभी भी अपने 52-वीक के हाई लेवल (3,885 रुपए) से कम है, लेकिन इतनी तेजी के बाद अब शेयर में गिरावट संभव है.
इन्हें भी हो सकता है नुकसान
इतना ही नहीं, रिपोर्ट में बताया गया है कि TD Sequential ने अडानी टोटल गैस और अडानी पोर्ट और स्पेशल इकोनॉमिक जोन के शेयरों में भी गिरावट की आशंका व्यक्त की है. इन इंडिकेटर ने अपनी एक स्टडी में कहा है कि अडानी एंटरप्राइज, अडानी टोटल गैस और अडानी पोर्ट एवं स्पेशल इकनॉमिक जोन के चार्ट पैटर्न से साफ संकेत मिलता है कि अब इन तीनों स्टॉक की तेजी थमती नजर आएगी. यानी आगे इनमें गिरावट देखने को मिल सकती है. रिपोर्ट में अन्य एक्सपर्ट्स के हवाले से भी बताया गया है कि अडानी ग्रुप के इन तीनों स्टॉक में नरमी देखने को मिल सकती है.
पहले की भविष्यवाणी थी सटीक
यहां यह बताना भी ज़रूरी है कि पिछली बार TD Sequential ने 2015 में अडानी पोर्ट्स के शेयरों में ट्रेंड बदले का सुझाव दिया था, इसके बाद इस स्टॉक में 55% की गिरावट आई थी. अडानी समूह की कंपनियों के शेयर भले ही मार्केट में अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं, लेकिन ग्रुप को लेकर चिंता भी बढ़ी हैं. अक्षय ऊर्जा और मीडिया जैसे क्षेत्रों में ग्रुप के तेजी से विस्तार पर फिच ग्रुप की यूनिट क्रेडिटसाइट्स ने चिंता जताई है. इससे पहले, समूह के कर्ज को लेकर आई रिपोर्ट ने भी निवेशकों को आशंकित किया था. हालांकि, अडानी समूह का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में कंपनी समूह क्रेडिट मेट्रिक्स में सुधार हुआ है.
टैग्स