होम / बिजनेस / गिरावट के बाद आज कैसा रहेगा बाजार का हाल, कौन से शेयर हैं खबरों में?
गिरावट के बाद आज कैसा रहेगा बाजार का हाल, कौन से शेयर हैं खबरों में?
शेयर बाजार के लिए आज का दिन यानी सोमवार उतार-चढ़ाव वाला साबित हो सकता है. पिछले कुछ दिनों से बाजार में नरमी का रुख है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार के लिए बीते कुछ दिन गिरावट वाले रहे हैं. इसकी एक सबसे बड़ी वजह है विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) का बाजार से हाथ खींचना. एक रिपोर्ट के मुताबिक, FPI ने लगातार 11 दिनों तक बाजार में बिकवाली की है. इस दौरान वह 14,300 करोड़ रुपए की बिकवाली कर चुके हैं. पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था, आज भी मार्केट में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकती है.
5 दिनों में 6.55% रिटर्न
चलिए जानते हैं कि आज कौन से शेयर ट्रेंड में रह सकते हैं. RVNL और BPCL के अलावा मोमेंटम इंडिकेटर मूविंग एवरेज कन्वर्जेंस डिवर्जेंस (MACD) ने IDBI Bank में भी तेजी के संकेत दिए हैं. लिहाजा इन शेयरों पर नजर बनाए रखें. अब चलिए इनकी पिछली परफॉरमेंस पर भी नजर डाल लेते हैं, इससे आपको सही स्टॉक चुनने में आसानी होगी. RVNL यानी रेल विकास निगम का शेयर बढ़त के साथ शुक्रवार को बंद हुआ था. बीते 5 दिनों में इसमें 6.55% और एक महीने में 7.50% की तेजी आ चुकी है. कंपनी को बड़े प्रोजेक्ट मिल रहे हैं, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत है. अभी ये स्टॉक 72.40 के भाव पर मिल रहा है.
बढ़त के साथ हुए थे बंद
BPCL यानी भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड का शेयर भी शुक्रवार को ग्रीन निशान पर बंद हुआ था. 345 रुपए पर मिल रहे इस शेयर ने अपने निवेशकों को बीते 5 दिनों में करीब 4 फीसदी का रिटर्न दिया है और छह महीने में यह आंकड़ा 9.21% हो गया है. IDBI Bank की बात करें, तो शुक्रवार को बाजार में नरमी के बावजूद इस शेयर ने 7.58% की छलांग लगाई थी. यह अपने 52-वीक के हाई लेवल 61 रुपए का करीब है. जबकि इसका 52-वीक का लो लेवल 30.50 रुपए है.
खबरों में हैं ये शेयर
अब जानते हैं उन शेयरों के बारे में जो खबरों में हैं. Tata Consultancy Services आज अपने दिसंबर क्वार्टर (Q3FY23) के नतीजे जारी करेगी. Gland Pharma Ltd ने Cenexi और Cenexi Holding Entities में स्टेक खरीदने के लिए समझौता किया है. JK Cement की कंपनी जेके पेंट्स एंड कोटिंग्स ने 153 करोड़ रुपये का निवेश किया है और एक्रो पेंट्स के 60 प्रतिशत इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण पूरा कर लिया है. Titan Company की बिक्री में सालाना आधार पर 12% उछाल आया है. इसी तरह, Tata Steel का प्रोडक्शन भी बढ़ गया है.
टैग्स