होम / बिजनेस / Adani Case: महुआ मोइत्रा ने जिन सिरिल श्रॉफ का किया जिक्र, उनके बारे में जानें सबकुछ
Adani Case: महुआ मोइत्रा ने जिन सिरिल श्रॉफ का किया जिक्र, उनके बारे में जानें सबकुछ
महुआ मोइत्रा ने बाजार नियामक सेबी (SEBI) पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि सेबी में गौतम अडानी के संबंधी और रिश्तेदार बैठे हैं, इसलिए उनपर कोई कार्रवाई नहीं की गई.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
गौतम अडानी (Gautam Adani) विवाद में विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर हो गया है. इस बीच, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा मामले में मशहूर वकील सिरिल श्रॉफ का नाम ले आई हैं. उन्होंने सेबी की एक समिति में श्रॉफ की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि अगर सेबी ये दावा कर रहा है कि वो अडानी मामले की जांच कर रहा है, तो फिर सिरिन श्रॉफ को खुद को इससे अलग करना चाहिए. दरअसल, सिरिल श्रॉफ अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी के समधी हैं. इसलिए महुआ मोइत्रा को लगता है कि उनके रहते अडानी समूह के खिलाफ जांच ठीक ढंग से नहीं हो सकती.
Sebi पर भी लगाया आरोप
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने बाजार नियामक सेबी (SEBI) पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि सेबी में गौतम अडानी के संबंधी और रिश्तेदार बैठे हैं, इसलिए उनपर कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने आगे कहा कि अडानी परिवार और सेबी अधिकारियों के बीच सांठगांठ हैं. इसलिए मनमाने तरीके से सबकुछ किया गया. मोइत्रा ने कहा कि सेबी की समिति में अडानी के रिश्तेदार भी काम करते हैं, जिससे इस तरह की हेराफेरी को अंजाम दिया गया.
श्राफ की बेटी अडानी की बहू
महुआ मोइत्रा ने कहा कि अडानी के समधी मशहूर वकील सिरिल श्रॉफ कॉरपोरेट गवर्नेंस एंड इनसाइडर ट्रेडिंग पर सेबी की समिति में काम करते हैं. उन्होंने कहा कि अगर सेबी इंडिया अडानी मामले की जांच कर रहा है, तो श्रॉफ को खुद को इससे अलग कर लेना चाहिए. बता दें कि सिरिल श्रॉफ की बेटी परिधि श्रॉफ की शादी गौतम अडानी के बेटे करण अडानी से हुई है. परिधि भी अपने पिता की तरह कॉर्पोरेट वकील हैं. तृणमूल कांग्रेस सांसद को लगता है कि इस रिश्ते की वजह से अडानी समूह को फायदा पहुंचाया गया.
चलाते हैं सबसे बड़ी लॉ फर्म
करण और परिधि की शादी साल 2013 में हुई थी, जो उस साल की सबसे चर्चित शादियों में से एक थी. एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस शादी में मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी और उस वक्त गुजरात के मुख्यमंत्री रहे नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे. करण और परिधि के तीन रिसेप्शन हुए थे, जिनमें से एक में कुल 22,000 लोगों को आमंत्रित किया गया था. अब बात करते हैं अडानी के समधी सिरिल श्रॉफ की. श्राफ भारत के सबसे प्रसिद्ध कानूनी दिग्गजों में से एक हैं. वह कॉर्पोरेट लॉ में माहिर हैं और भारत की सबसे बड़ी लॉ फर्म 'सिरिल अमरचंद मंगलदास' के मैनेजिंग पार्टनर हैं.
ऑक्सफर्ड में गठित है पीठ
'सिरिल अमरचंद मंगलदास' को मशहूर उद्योगपतियों को कानूनी सलाह देने के लिए जाना जाता है. पिछले साल सिरिल श्रॉफ के नाम पर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एक पीठ गठित की गई थी, जो भारतीय छात्रों को कानून के क्षेत्र में शोध के लिए पूर्ण छात्रवृत्ति प्रदान करेगी. श्रॉफ ने ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के 'इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट' में यह पीठ स्थापित करने का फैसला किया था. उस समय लॉ फर्म की तरफ से बताया गया था कि यह पीठ कानून के क्षेत्र में शोध के लिए भारत से आने वाले छात्रों को पूर्ण छात्रवृत्ति प्रदान करेगी. पहले साल में यह पीठ तीन छात्रों के समूचे खर्च का बोझ उठाएगी और आगे चलकर छात्रवृत्ति पाने वाले छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी.
टैग्स