होम / बिजनेस / FPI का भारतीय बाजारों पर भरोसा बरकरार, अक्टूबर में 10,000 करोड़ का निवेश
FPI का भारतीय बाजारों पर भरोसा बरकरार, अक्टूबर में 10,000 करोड़ का निवेश
विश्लेषकों के अनुसार, प्राथमिक बाजारों में एफपीआई का निरंतर निवेश भारतीय इक्विटी बाजारों के लिए राहत का संकेत है. अगर यह प्रवाह जारी रहा, तो 2025 के अंत तक भारत उभरते बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रख सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 8 months ago
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) 2025 में भारतीय प्राथमिक बाजारों के प्रति अपना भरोसा बनाए हुए हैं. एफपीआई ने इस साल अब तक 54,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है. यह निवेश मुख्य रूप से आरंभिक सार्वजनिक निर्गमों (IPO) के माध्यम से हुआ है. अगर यह निवेश नहीं होता, तो इक्विटी से विदेशी पूंजी की शुद्ध निकासी 2 लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार कर सकती थी.
अक्टूबर में 10,000 करोड़ रुपये का निवेश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अक्टूबर 2025 में एफपीआई ने एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया और टाटा कैपिटल जैसे बड़े आईपीओ में भागीदारी करते हुए 10,096 करोड़ रुपये का निवेश किया. यह इस साल का दूसरा सबसे बड़ा मासिक निवेश है. इससे पहले जुलाई में सबसे अधिक निवेश देखा गया था.
निवेश में उतार-चढ़ाव, लेकिन अक्टूबर में दिखा सुधार
एफपीआई की गतिविधियों में 2025 के दौरान काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. जनवरी से अक्टूबर तक के 10 महीनों में केवल पांच महीनों में शुद्ध निवेश दर्ज हुआ. लगातार तीन महीनों की भारी बिकवाली के बाद अक्टूबर में सुधार आया है. हालांकि शुद्ध निवेश सीमित रहा, लेकिन इससे बाजार में मजबूती देखने को मिली.
शेयर बाजार में मजबूती, सेंसेक्स और निफ्टी में 5% की बढ़त
अक्टूबर में विदेशी पूंजी के पुन: प्रवाह से भारतीय शेयर बाजारों में तेजी आई है. बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में लगभग 5% की बढ़त दर्ज की गई. यह मार्च के बाद का सबसे मजबूत प्रदर्शन माना जा रहा है.
एफपीआई निवेश का मासिक विवरण (करोड़ रुपये में)
महीना प्राथमिक निवेश द्वितीयक निवेश कुल शुद्ध एफपीआई निवेश
जनवरी 2025 4,390 -77,067 -72,677
फरवरी 2025 6,645 -53,244 -46,599
मार्च 2025 2,071 5,981 8,052
अप्रैल 2025 981 3,417 4,398
मई 2025 4,992 9,690 14,683
जून 2025 3,692 16,732 20,424
जुलाई 2025 13,491 -39,114 -25,623
अगस्त 2025 4,085 -41,907 -37,822
सितंबर 2025 3,833 -22,761 -18,928
अक्टूबर 2025 10,096 1,259 11,355
कुल 54,276 -197,014 -142,737
(नोट: आंकड़े इक्विटी में नकदी कारोबार के हैं. अक्टूबर के आंकड़े 23 तारीख तक के हैं और यह सेबी और एनएसडीएल के लिए गए हैं.)
टैग्स