होम / बिजनेस / एलन मस्क को अरबों की पड़ेगी पराग अग्रवाल की 'विदाई', ट्विटर को देनी होगी ये रकम!
एलन मस्क को अरबों की पड़ेगी पराग अग्रवाल की 'विदाई', ट्विटर को देनी होगी ये रकम!
ट्विटर को खरीदने के बाद एलन मस्क ने सबसे पहले कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल को बाहर कर दिया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
सोशल मीडिया की चिड़िया यानी ट्विटर को एलन मस्क ने आख़िरकार अपना बना लिया है. इसके साथ ही उन्होंने ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल (Parag Agrawal) और दो अन्य एग्जिक्यूटिव्स को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. हालांकि, अभी तक कंपनी ने इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. केवल मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि पराग अग्रवाल को उनके पद से हटा दिया गया है. यदि ऐसा है, तो भी पराग खाली हाथ ट्विटर से नहीं जाएंगे. कंपनी को उन्हें बड़ी कीमत चुकानी होगी.
इतना पैसा देगी कंपनी
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में बताया गया है कि पराग अग्रवाल को सीईओ बनाए जाने के समय उन्हें कंपनी के शेयर भी मिले थे. ऐसे में यदि उन्हें नौकरी से निकाला जाता है, तो कंपनी को उनकी सभी शेयरहोल्डिंग का भुगतान करना होगा. इस हिसाब से अग्रवाल को ट्विटर से करीब 42 मिलियन डॉलर (करीब 3.46 अरब रुपए) मिलेंगे. जब पराग ट्विटर के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर थे तब उनका टोटल कंपनसेशन 30.4 मिलियन डॉलर था. सीईओ की जिम्मेदारी संभालने के बाद से उनकी सैलरी सालाना 1 मिलियन डॉलर हो गई थी.
पिछले साल बने थे सीईओ
पिछले साल नवंबर में Jack Dorsey के अचानक ट्विटर के सीईओ पद से इस्तीफ़ा देने के बाद पराग अग्रवाल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी. हालांकि, एलन मस्क के ट्विटर खरीदने की ख़बरों के बीच ही यह साफ हो गया था कि एलन मस्क की एंट्री के साथ पराग को बाहर जाना होगा. पराग के अलावा मस्क ने लीगल, पॉलिसी और ट्रस्ट हेड विजया गाड्डे और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर नेड सेगल को भी नौकरी से निकाल दिया है.
जगजाहिर है तकरार
एलन मस्क और पराग अग्रवाल के बीच तकरार जगजाहिर है. मस्क सार्वजनिक तौर पर यह कह चुके थे कि उन्हें ट्विटर के मौजूदा मैनेजमेंट पर विश्वास नहीं है. टेस्ला के CEO ने अपने एक ट्वीट में पूछा था कि क्या ट्विटर मर रहा है? इसके जवाब में पराग अग्रावल ने कहा था, 'आप यह ट्विट करने के लिए स्वतंत्र हैं कि ट्विटर मर रहा है, लेकिन यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं आपको बता दूं कि यह वर्तमान संदर्भ में ट्विटर को बेहतर बनाने में मेरी मदद नहीं कर रहा है'. इसी पर कमेंट करते हुए एलन मस्क ने कहा था कि आप लोगों ने इस सप्ताह क्या किया है? मैं बोर्ड का हिस्सा नहीं बन रहा हूं, यह समय की बर्बादी है'.
टैग्स