होम / बिजनेस / प्रधानमंत्री मोदी की अपील का असर, सात महीने में 40% घटा सोने का आयात
प्रधानमंत्री मोदी की अपील का असर, सात महीने में 40% घटा सोने का आयात
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर 2025 के दौरान भारत ने 41.24 अरब डॉलर का सोना आयात किया था. वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच यह आंकड़ा घटकर 24.7 अरब डॉलर रह गया.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 8 hours ago
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोने की खरीद कम करने की अपील का असर अब देश के आयात आंकड़ों में भी नजर आने लगा है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान भारत के सोने के आयात में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में करीब 40 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. इस दौरान सोने का आयात 41.24 अरब डॉलर से घटकर 24.7 अरब डॉलर रह गया. आयात में कमी के साथ सोने की कीमतों में गिरावट से ज्वैलर्स और आम उपभोक्ताओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
सात महीने में 16.46 अरब डॉलर घटा सोने का आयात
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर 2025 के दौरान भारत ने 41.24 अरब डॉलर का सोना आयात किया था. वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच यह आंकड़ा घटकर 24.7 अरब डॉलर रह गया. इस तरह सालाना आधार पर समान अवधि में सोने के आयात में 16.46 अरब डॉलर की कमी आई है.
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद सोने की खरीदारी में कमी का असर बाजार में दिखाई दे रहा है. वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने करीब 72 अरब डॉलर का सोना आयात किया था. वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 में कुल आयात 35 से 40 अरब डॉलर के बीच रहने का अनुमान है. इस लिहाज से पूरे वित्त वर्ष में सोने के आयात में करीब 40 से 50 फीसदी तक की गिरावट आ सकती है.
सोने की कीमतों में 65 लाख रुपये प्रति किलो की गिरावट का दावा
CTI चेयरमैन ने सोने की कीमतों में आई गिरावट का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील के समय सोने का भाव करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलो था, जो अब घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलो रह गया है. इस तरह एक किलो सोने की कीमत में करीब 65 लाख रुपये की कमी आई है.
गोयल का कहना है कि कीमतों में गिरावट से उन ज्वैलर्स और कारोबारियों को राहत मिली है, जो बड़े पैमाने पर सोने का स्टॉक रखते हैं. ऊंची कीमतों पर खरीदे गए सोने के स्टॉक के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता था. इसके अलावा, सोने से जुड़े निवेश करने वाले लोगों को भी कीमतों में गिरावट का फायदा मिला है.
शादी के सीजन में बढ़ सकती है ज्वैलरी की मांग
देश में शादी का सीजन शुरू हो चुका है. बृजेश गोयल के मुताबिक, इस साल देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है. इनसे लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है. इसमें ज्वैलरी, सोने और चांदी का कारोबार करीब 8 से 10 फीसदी रहने का अनुमान है.
उन्होंने कहा कि सोने की कीमतों में कमी आने से शादी-ब्याह के लिए गहने खरीदने वाले परिवारों को राहत मिलेगी. कम कीमतों पर सोना उपलब्ध होने से उपभोक्ताओं की खरीदारी लागत घट सकती है. इससे आने वाले दिनों में ज्वैलरी कारोबार को भी सहारा मिलने की उम्मीद है.
टैग्स