होम / बिजनेस / FY27 में 7% रह सकती है भारत की GDP ग्रोथ, S&P ने अनुमान बरकरार रखा
FY27 में 7% रह सकती है भारत की GDP ग्रोथ, S&P ने अनुमान बरकरार रखा
रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स के मुताबिक, भारत वित्त वर्ष 2027 में 7 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर हासिल कर सकता है. हालांकि, कम बारिश, अल नीनो और बढ़ती इनपुट लागत के कारण महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 42 minutes ago
भारत की अर्थव्यवस्था चालू और अगले वित्त वर्ष में 7 प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है. एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने वित्त वर्ष 2027 के लिए देश की जीडीपी वृद्धि का अनुमान 7 प्रतिशत पर बरकरार रखा है. एजेंसी के मुताबिक, भारत 2027 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल रहेगा. हालांकि, खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी और महंगाई का दबाव आर्थिक परिदृश्य के लिए चुनौती बन सकता है.
एसएंडपी ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य पर जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि अल नीनो के प्रभाव से भारत समेत क्षेत्र के कई देशों में खाद्य कीमतें बढ़ सकती हैं. इसे देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) दिसंबर में नीतिगत ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत यानी 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर सकता है. एजेंसी को 2027 की शुरुआत में भी इतनी ही एक और बढ़ोतरी की आशंका है.
मजबूत घरेलू मांग और निर्यात से मिली अर्थव्यवस्था को मजबूती
एसएंडपी के अनुसार, अप्रैल-जून और जुलाई-सितंबर तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि को वस्तुओं के मजबूत निर्यात, सार्वजनिक निवेश और घरेलू खपत से समर्थन मिला. घरेलू मांग में तेजी के पीछे कर्ज की मजबूत वृद्धि भी एक अहम वजह रही.
एजेंसी ने कहा कि वस्तुओं के निर्यात को ऊंची जिंस कीमतों, व्यापार में विविधता और वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की बढ़ती भागीदारी से मजबूती मिली है. इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग सामान और रसायनों के निर्यात में इसका असर विशेष रूप से देखने को मिला है.
भारत 30 नवंबर को जुलाई-सितंबर तिमाही के जीडीपी वृद्धि के आधिकारिक आंकड़े जारी करेगा. इससे पहले आरबीआई ने सितंबर तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था. वहीं, वित्त मंत्रालय की मासिक आर्थिक समीक्षा में इसके 7.35 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गई थी.
कम बारिश और अल नीनो से बढ़ सकती है महंगाई
एसएंडपी का मानना है कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में आर्थिक वृद्धि और महंगाई का परिदृश्य पहले के मुकाबले कम अनुकूल हो सकता है. एजेंसी के मुताबिक, बढ़ती उत्पादन लागत का बोझ धीरे-धीरे उपभोक्ताओं पर डाला जा सकता है. इसके अलावा मानसून का असमान वितरण भी नई चुनौती बन सकता है.
रिपोर्ट के अनुसार, गर्मियों में कम बारिश, जलाशयों में पानी का घटता स्तर और अल नीनो की स्थिति मौजूदा कृषि उत्पादन के साथ आगामी रबी फसल को भी प्रभावित कर सकती है. इससे खाद्य पदार्थों की आपूर्ति और कीमतों पर दबाव बढ़ने की आशंका है.
एसएंडपी ने मार्च 2027 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में खुदरा महंगाई औसतन 5.3 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है. हालांकि, एजेंसी ने महंगाई का जोखिम अनुमान से अधिक रहने की आशंका भी व्यक्त की है. अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.1 प्रतिशत हो गई थी, जो आरबीआई के 2 से 6 प्रतिशत के निर्धारित सहनशीलता दायरे से ऊपर है.
ऊर्जा की ऊंची कीमतें बनी रहेंगी चुनौती
एसएंडपी के मुताबिक, ऊर्जा की ऊंची कीमतें एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं के लिए बड़ी चुनौती बनी रहेंगी. वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में वैश्विक निवेश आर्थिक वृद्धि को समर्थन देने वाला प्रमुख कारक होगा. हालांकि, 2027 में इन दोनों कारकों का प्रभाव कुछ कम हो सकता है.
एजेंसी का अनुमान है कि मार्च 2028 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में भारत की खुदरा महंगाई घटकर 4.7 प्रतिशत रह सकती है. वहीं, बढ़ती महंगाई के जोखिम को देखते हुए आरबीआई की ओर से दिसंबर में ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है.
टैग्स