होम / बिजनेस / AI और इलेक्ट्रिक वाहनों से बढ़ेगी बिजली की मांग, अगले दशक में 32 लाख करोड़ डॉलर का निवेश संभव
AI और इलेक्ट्रिक वाहनों से बढ़ेगी बिजली की मांग, अगले दशक में 32 लाख करोड़ डॉलर का निवेश संभव
डेटा सेंटर, औद्योगिक ऑटोमेशन और इलेक्ट्रिक वाहनों से बिजली की मांग बढ़ने के कारण अगले 10 वर्षों में वैश्विक इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर 32 लाख करोड़ डॉलर का निवेश हो सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 16 minutes ago
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इलेक्ट्रिफिकेशन का बढ़ता दायरा आने वाले वर्षों में वैश्विक बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े निवेश की वजह बन सकता है. अगले एक दशक में इस क्षेत्र में दुनिया भर में 32 लाख करोड़ डॉलर का निवेश होने का अनुमान है. बिजली की बढ़ती खपत, डेटा सेंटर के विस्तार, औद्योगिक गतिविधियों और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या से बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन नेटवर्क और ऊर्जा भंडारण से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग बढ़ने की उम्मीद है.
UBS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कई विकसित अर्थव्यवस्थाओं में दशकों बाद बिजली की मांग फिर से बढ़ने लगी है. अब तक ऊर्जा दक्षता में सुधार के जरिए बिजली की बढ़ती खपत को काफी हद तक संतुलित किया जा रहा था, लेकिन अब यह सुधार बढ़ती मांग की भरपाई करने के लिए पर्याप्त नहीं रह गया है. इसके अलावा, AI इंफ्रास्ट्रक्चर और खासकर डेटा सेंटर के विस्तार से बिजली और उससे जुड़े उपकरणों की जरूरत तेजी से बढ़ रही है.
2030 तक 3 लाख करोड़ डॉलर सालाना निवेश का अनुमान
वित्तीय सेवा कंपनी UBS का अनुमान है कि 2026 में वैश्विक बिजली ग्रिड में निवेश 500 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है. वर्ष 2030 तक इस क्षेत्र में सालाना निवेश करीब 3 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने की संभावना है. यह आंकड़ा बिजली की बढ़ती खपत को पूरा करने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े पैमाने को दर्शाता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, जिन कंपनियों के कारोबार वाले क्षेत्रों में सप्लाई की सबसे ज्यादा कमी है, उन्हें इस निवेश चक्र से सबसे अधिक फायदा मिल सकता है. सीमित उत्पादन क्षमता, पहले से मौजूद ऑर्डर बुक, ग्राहकों के साथ मजबूत संबंध और जटिल परियोजनाओं को पूरा करने का अनुभव रखने वाली कंपनियां इस अवसर का बेहतर लाभ उठा सकती हैं.
UBS का मानना है कि सप्लाई से जुड़ी बाधाओं के कारण कुछ कंपनियों की कीमतें तय करने की क्षमता बढ़ सकती है. साथ ही, भविष्य में मिलने वाले राजस्व को लेकर भी बेहतर स्थिति बन सकती है. इससे इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी पूरी वैल्यू चेन में कंपनियों के लिए मुनाफे के अवसर पैदा हो सकते हैं.
कॉपर की मांग में भी आएगी तेजी
बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार का फायदा कॉपर (तांबा) को भी मिलने की उम्मीद है. बिजली नेटवर्क, इलेक्ट्रिफिकेशन, डेटा सेंटर और AI से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ी मात्रा में कॉपर की जरूरत होगी.
हालांकि, इसकी सप्लाई बढ़ाना आसान नहीं होगा. नई कॉपर खदानों को विकसित करने में कई साल लगते हैं. इसके अलावा, कई पुराने खनन क्षेत्रों में अयस्क की गुणवत्ता और उसमें मौजूद कॉपर की मात्रा घट रही है. बड़ी खनन परियोजनाओं को राजनीतिक, पर्यावरणीय और क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है. UBS का अनुमान है कि मांग और सप्लाई के बीच बढ़ते अंतर के कारण दिसंबर 2027 तक कॉपर की कीमत 15,500 डॉलर प्रति टन तक पहुंच सकती है.
निवेश की राह में क्या हैं चुनौतियां?
हालांकि, वैश्विक बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश की संभावनाओं के साथ कुछ जोखिम भी जुड़े हैं. इस क्षेत्र की कंपनियों को वित्तपोषण की बढ़ती लागत, कच्चे माल की ऊंची कीमतों और नियामकीय मंजूरियों में देरी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है.
इसके अलावा, डेटा सेंटर का निर्माण किस रफ्तार से होता है, इसका असर भी बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग पर पड़ेगा. UBS के मुताबिक, वैश्विक इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश का पैमाना और इसकी अवधि मौजूदा बाजार अनुमानों से भी अधिक हो सकती है. हालांकि, वित्तपोषण से जुड़ी चुनौतियां और सप्लाई की सीमाएं इस निवेश चक्र की रफ्तार को प्रभावित कर सकती हैं.
टैग्स