होम / बिजनेस / फूड लिंक F&B होल्डिंग्स का IPO 26 नवंबर को खुलेगा, प्राइस बैंड 181-191 रुपये तय; 361 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी
फूड लिंक F&B होल्डिंग्स का IPO 26 नवंबर को खुलेगा, प्राइस बैंड 181-191 रुपये तय; 361 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी
कंपनी द्वारा IPO में जुटाई गई रकम का इस्तेमाल नए रेस्टोरेंट, बैंक्वेट और सेंट्रलाइज्ड किचन खोलने के साथ कर्ज चुकाने में किया जाएगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 hours ago
मुंबई की लग्जरी कैटरिंग और फूड सर्विसेज कंपनी फूड लिंक F&B होल्डिंग्स इंडिया का IPO 26 नवंबर को निवेशकों के लिए खुलेगा और 30 नवंबर को बंद होगा. कंपनी ने इसके लिए 181-191 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. IPO के अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का कुल इश्यू साइज 360.76 करोड़ रुपये होगा. इस निर्गम के बाद कंपनी का अनुमानित मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 1,190.9 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है. एंकर निवेशकों के लिए बोली 25 नवंबर को खुलेगी. निवेशक न्यूनतम 78 शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे. इसके बाद इसी के गुणक में शेयरों के लिए आवेदन किया जा सकेगा.
फ्रेश इश्यू और OFS के जरिए जुटाएगी रकम
कंपनी का IPO कुल 360.76 करोड़ रुपये का है. इसमें 192 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 88.35 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए होगी. OFS के तहत प्रमोटर संजय मनोहर वजीरानी और मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. इनमें प्लूटस वेल्थ मैनेजमेंट के अर्पित खंडेलवाल, V'Ocean Investments, Trans Global Hotels, अंकिता चुग, Aarkay Investments, Oaks Asset Management, Welspun Group Master Trust, Aarin Capital Partners और Bona Terra Greenhouses शामिल हैं.
IPO से जुटाई रकम का कहां होगा इस्तेमाल?
फूड लिंक F&B होल्डिंग्स IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कारोबार के विस्तार और कर्ज चुकाने में करेगी. कंपनी 21.3 करोड़ रुपये से एक नया सेंट्रलाइज्ड किचन स्थापित करेगी. इसके अलावा दो नए बैंक्वेट हॉल खोलने के लिए 41.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. कंपनी अपनी सब्सिडियरी Foodlink Global Restaurants & Catering Services में 50.8 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिसका इस्तेमाल चार नए कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट खोलने में किया जाएगा. वहीं, 21 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने के लिए रखे गए हैं. बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा.
भारत और दुबई में फैला है कारोबार
संजय मनोहर वजीरानी द्वारा प्रमोटेड फूड लिंक का कारोबार इवेंट कैटरिंग, कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट, क्लाउड किचन और बैंक्वेट सेवाओं में फैला है. कंपनी के पास भारत में छह और दुबई में एक सेंट्रलाइज्ड किचन है. इसके अलावा भारत में तीन बैंक्वेट और 10 कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट हैं, जबकि दुबई में सात रेस्टोरेंट संचालित किए जाते हैं. कंपनी JADE Luxury Banquets के साथ India Bistro, China Bistro और Art of Dum जैसे ब्रांड चलाती है.
सितंबर 2026 को समाप्त छह महीनों में कंपनी के कुल रेवेन्यू में इवेंट कैटरिंग की हिस्सेदारी 44 फीसदी, कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट और क्लाउड किचन की 30 फीसदी और बैंक्वेट एवं इंटीग्रेटेड फूड एंड बेवरेज सेवाओं की 25 फीसदी रही.
छह महीने में 16.15 करोड़ रुपये का घाटा
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो सितंबर 2026 को समाप्त छह महीनों में कंपनी को 16.15 करोड़ रुपये का घाटा हुआ. इस दौरान उसका रेवेन्यू 219.8 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का मुनाफा दोगुने से अधिक बढ़कर 29.1 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 14.3 करोड़ रुपये था. इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 25.9 फीसदी बढ़कर 567.5 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 450.9 करोड़ रुपये था. सितंबर 2026 तक कंपनी पर कुल 25.3 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज था.
कब होगी शेयरों की लिस्टिंग?
IPO के लिए Equirus Capital और JM Financial को मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया गया है. कंपनी 1 दिसंबर तक शेयरों का अलॉटमेंट अंतिम रूप दे सकती है. वहीं, इसके शेयरों की स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्टिंग 3 दिसंबर को होने की संभावना है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स