होम / बिजनेस / भारत के लिए AI का बड़ा अवसर मॉडल बनाने में नहीं, तकनीक अपनाने में: डॉयचे बैंक
भारत के लिए AI का बड़ा अवसर मॉडल बनाने में नहीं, तकनीक अपनाने में: डॉयचे बैंक
रिपोर्ट में भारत के तकनीकी क्षेत्र के कार्यबल को भी एक अहम ताकत बताया गया है. भारत में हर साल करीब 1.1 करोड़ ग्रेजुएट तैयार होते हैं. इससे AI एप्लिकेशन के विकास और उनके इस्तेमाल के लिए देश को बड़ी प्रतिभा उपलब्ध हो सकती है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
भारत अमेरिका और चीन की तरह उन्नत AI मॉडल विकसित करने या सेमीकंडक्टर बनाने की प्रतिस्पर्धा में शामिल हुए बिना भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के वैश्विक विस्तार का बड़ा लाभ उठा सकता है. डॉयचे बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के लिए असली अवसर विभिन्न क्षेत्रों में पहले से मौजूद AI तकनीक को अपनाने और उसके इस्तेमाल को बढ़ाने में है.
रिपोर्ट में भारत की बड़ी आबादी, तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी क्षेत्र के कुशल कर्मचारियों और AI आधारित सेवाओं की बढ़ती मांग को इसके प्रमुख आधार बताया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, AI स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बैंकिंग और कृषि जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़ी पुरानी चुनौतियों को दूर करने के साथ अर्थव्यवस्था की उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद कर सकता है.
पहले की तकनीकों के मुकाबले तेजी से बढ़ा AI का इस्तेमाल
डॉयचे बैंक ने अपनी रिपोर्ट में AI को अपनाने की रफ्तार की तुलना पिछली तकनीकी क्रांतियों से की है. रिपोर्ट के मुताबिक, भाप की तकनीक को कम आय वाले देशों तक पहुंचने में करीब 80 साल लगे, जबकि बिजली को 40 साल और इंटरनेट को 20 साल लगे. इसके विपरीत, ChatGPT को व्यापक स्तर पर लोकप्रिय होने में सिर्फ छह महीने लगे.
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत समेत उभरते बाजार AI के इस्तेमाल से विकास के नए अवसर हासिल कर सकते हैं. यह तकनीक कम लागत पर लोगों और कारोबारों को विशेष ज्ञान और कौशल उपलब्ध करा सकती है. इसके लिए जरूरी नहीं कि हर देश अपने उन्नत AI मॉडल विकसित करे.
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से मिलेगी मदद
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पहले से मौजूद डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर बड़े स्तर पर AI को अपनाने का आधार बन सकता है. किफायती इंटरनेट, स्मार्टफोन का बढ़ता इस्तेमाल, आधार, जनधन खाते और यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) जैसे प्लेटफॉर्म कारोबारों और सरकारी संस्थानों को AI आधारित सेवाएं शुरू करने में मदद कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें पूरी तरह नए सिस्टम तैयार करने की जरूरत नहीं होगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक दशक में भारत में इंटरनेट की पहुंच 15 फीसदी से बढ़कर 70 फीसदी हो गई है. वहीं, बैंक खातों की पहुंच 2014 में आबादी के आधे से कुछ अधिक हिस्से तक थी, जो अब बढ़कर करीब 90 फीसदी हो गई है.
रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि 2028 तक भारत की आबादी 1.5 अरब तक पहुंच सकती है. इससे AI आधारित सेवाओं के लिए बड़ा बाजार तैयार होगा. विभिन्न क्षेत्रों में किफायती सेवाओं की अधूरी मांग भी AI के जरिए इनकी पहुंच बढ़ाने के अवसर पैदा कर सकती है.
बैंकिंग, स्वास्थ्य और कृषि में AI के इस्तेमाल की संभावना
डॉयचे बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और कृषि ऐसे क्षेत्र हैं, जहां AI का व्यापक इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है. कृषि क्षेत्र में AI आधारित प्रिसिजन फार्मिंग के जरिए किसान फसल की पैदावार का अनुमान लगा सकेंगे. इसके अलावा कीटों और बीमारियों की पहचान करने तथा खेती के तरीकों में सुधार लाने में भी यह तकनीक मदद कर सकती है.
टेक्नोलॉजी से जुड़े प्रतिभाशाली युवाओं की बड़ी संख्या
रिपोर्ट में भारत के तकनीकी क्षेत्र के कार्यबल को भी एक अहम ताकत बताया गया है. भारत में हर साल करीब 1.1 करोड़ ग्रेजुएट तैयार होते हैं. इससे AI एप्लिकेशन के विकास और उनके इस्तेमाल के लिए देश को बड़ी प्रतिभा उपलब्ध हो सकती है.
इसके अलावा, रिपोर्ट में भारत के एक प्रमुख वैश्विक डेटा सेंटर हब बनने की संभावना भी जताई गई है. घरेलू कारोबारी समूहों और अंतरराष्ट्रीय टेक्नोलॉजी कंपनियों का निवेश इस दिशा में मददगार हो सकता है.
टैग्स