होम / बिजनेस / नेपाल के साथ आर्थिक रिश्ते मजबूत करेगा भारत, 1.62 अरब डॉलर के पैकेज में टेक्नोलॉजी से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक पर जोर
नेपाल के साथ आर्थिक रिश्ते मजबूत करेगा भारत, 1.62 अरब डॉलर के पैकेज में टेक्नोलॉजी से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक पर जोर
भारत और नेपाल ने आर्थिक एवं विकास सहयोग को व्यापक बनाने के लिए 1.62 अरब डॉलर के पैकेज का खाका तैयार किया है. इसके तहत स्टार्टअप, तकनीक, शिक्षा, कृषि, उद्योग और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 15 minutes ago
भारत ने नेपाल के साथ आर्थिक और विकास संबंधों को नई दिशा देने की पहल की है. दोनों देशों के बीच 1.62 अरब डॉलर के पैकेज के तहत तकनीक, उद्यमिता, औद्योगिक विकास, शिक्षा, कनेक्टिविटी और संस्थागत सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत की. इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल संबंधों की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा की.
स्टार्टअप और इनोवेशन पर रहेगा जोर
नए सहयोग ढांचे के तहत नेपाल में स्टार्टअप इन्क्यूबेटर और इनोवेशन हब स्थापित किए जाएंगे. इसके अलावा भारत नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने में मदद करेगा.
दोनों देश कानून और तकनीक के क्षेत्र में भारतीय संस्थानों में पढ़ने वाले नेपाली छात्रों के लिए छात्रवृत्ति के अवसर भी बढ़ाएंगे. इन पहलों का उद्देश्य शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करना और कौशल विकास के साथ संस्थागत क्षमता बढ़ाना है.
इसके अलावा नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की योजना है. इसमें खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों के मूल्यवर्धन पर ध्यान दिया जाएगा. इससे कृषि और उससे जुड़े उद्योगों में दोनों देशों का सहयोग बढ़ने की उम्मीद है.
ईंधन और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखेगा भारत
भारत नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखेगा. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस साल तेल आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखी है.
मोदी ने कहा, "भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसियों का नहीं, बल्कि पारिवारिक संबंधों और अटूट विश्वास का है. हमारी खुशियां साझा हैं और चुनौतियां भी. हम एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बनते हैं."
उन्होंने कहा कि भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति की भावना के अनुरूप, तेल आपूर्ति से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद नेपाल को जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखी गई.
आठ समझौतों पर हुए हस्ताक्षर
भारत और नेपाल ने स्वास्थ्य, अंतरिक्ष तकनीक, सुरक्षा प्रशिक्षण, लोक सेवकों की क्षमता निर्माण, पारंपरिक चिकित्सा, सतत शहरी विकास, कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन सहित विभिन्न क्षेत्रों में आठ समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए.
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन (SATCOM) नेटवर्क स्थापित करने का समझौता हुआ.
गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच अकादमिक और शोध सहयोग को लेकर समझौता किया गया. वहीं, भारत की राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (NPA) ने भी अपने संबंधित क्षेत्रों में सहयोग के लिए समझौता किया.
भारत के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग के अधीन राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG) और नेपाल के संघीय मामलों एवं सामान्य प्रशासन मंत्रालय के अधीन नेपाल प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच नेपाली लोक सेवकों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को लेकर समझौता हुआ.
स्वास्थ्य, आयुर्वेद और शहरी विकास में भी सहयोग
दोनों देशों के स्वास्थ्य मंत्रालयों ने स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौता किया. इसके अलावा आयुर्वेद और चिकित्सा की अन्य पारंपरिक पद्धतियों में सहयोग को लेकर भी सरकारों के बीच समझौता हुआ.
अन्य समझौतों में सतत शहरी विकास के लिए तकनीकी सहयोग और पशुपालन एवं मत्स्य पालन के विकास से जुड़ी पहल शामिल हैं. प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कुछ पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आगामी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी. दोनों नेताओं ने अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. इससे दोनों देशों के बीच संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
इस व्यापक सहयोग ढांचे में आर्थिक विकास, तकनीक, कौशल और मानव संसाधन, औद्योगिक मूल्यवर्धन तथा कनेक्टिविटी को भारत-नेपाल साझेदारी के प्रमुख आधार के रूप में रखा गया है.
टैग्स