होम / बिजनेस / डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए RBI का नया प्लान, 'Stop Switch' से एक क्लिक में बंद होंगे पेमेंट
डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए RBI का नया प्लान, 'Stop Switch' से एक क्लिक में बंद होंगे पेमेंट
बैंक ग्राहकों को जल्द मिल सकती है डिजिटल भुगतान रोकने की सुविधा, बड़े ट्रांजैक्शन के लिए भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी का भी प्रस्ताव; 1 जुलाई 2027 से लागू हो सकते हैं नए नियम
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 8 hours ago
डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन पेमेंट के जरिए होने वाली धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) नई व्यवस्था लाने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत बैंक ग्राहकों को 'Stop Switch' की सुविधा देने का प्रस्ताव है. इसकी मदद से धोखाधड़ी का संदेह होने पर ग्राहक एक क्लिक में अपने बैंक खाते से होने वाले नए डिजिटल भुगतान और पैसे के ट्रांसफर रोक सकेंगे. इसके अलावा, बड़े ऑनलाइन ट्रांजैक्शन को सुरक्षित बनाने के लिए 'Trusted Person Mechanism' भी प्रस्तावित किया गया है, जिसके तहत तय सीमा से अधिक के भुगतान के लिए ग्राहक की ओर से नामित भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी जरूरी होगी. प्रस्तावित नियम 1 जुलाई 2027 से लागू हो सकते हैं.
क्या है RBI का 'Stop Switch' प्रस्ताव?
RBI की प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 'Stop Switch' एक इमरजेंसी बटन की तरह काम करेगा. अगर किसी ग्राहक को अपने बैंक खाते में धोखाधड़ी होने या अनधिकृत लेनदेन का संदेह होता है, तो वह इस सुविधा का इस्तेमाल कर खाते से होने वाले नए डिजिटल डेबिट को तुरंत रोक सकेगा.
इसका मकसद साइबर अपराधियों को खाते से रकम निकालने या दूसरे खाते में ट्रांसफर करने से रोकना है. हालांकि, इस सुविधा के सक्रिय होने के बाद भी पहले से तय ऑटो-पेमेंट, स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन, लोन की EMI और बैंक की ओर से काटे जाने वाले जरूरी शुल्क जारी रहेंगे.
क्या है Trusted Person Mechanism?
RBI ने डिजिटल लेनदेन की सुरक्षा बढ़ाने के लिए 'Trusted Person Mechanism' का भी प्रस्ताव दिया है. इसके तहत ग्राहक अपने बैंक खाते से होने वाले बड़े ट्रांजैक्शन की मंजूरी देने के लिए किसी भरोसेमंद व्यक्ति को नामित कर सकेंगे.
ग्राहक खुद एक निश्चित रकम की सीमा तय कर सकेंगे. इस सीमा से अधिक का कोई डिजिटल ट्रांजैक्शन होने पर बैंक नामित व्यक्ति को इसकी सूचना देगा. नोटिफिकेशन में लेनदेन की रकम, पैसे पाने वाले का नाम, बैंक अकाउंट नंबर, मोबाइल नंबर और भुगतान से जुड़ी अन्य जानकारी दी जाएगी.
सूचना मिलने के बाद नामित व्यक्ति को एक घंटे का समय मिलेगा. इस दौरान वह बैंक के निर्धारित तरीके से ट्रांजैक्शन को मंजूरी दे सकता है. यदि वह मंजूरी नहीं देता या तय समय में कोई जवाब नहीं देता है, तो संबंधित ट्रांजैक्शन रद्द कर दिया जाएगा.
भरोसेमंद व्यक्ति को नहीं मिलेगा बैंक खाते का एक्सेस
यह सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी. इसके लिए खाताधारक और नामित व्यक्ति, दोनों की सहमति जरूरी होगी. भरोसेमंद व्यक्ति को ग्राहक के बैंक खाते का एक्सेस नहीं मिलेगा और न ही उसे खाते से होने वाले लेनदेन की जिम्मेदारी उठानी होगी. हालांकि, इस व्यवस्था के दायरे में UPI से होने वाले भुगतान, दुकानदारों और कारोबारियों को किए जाने वाले लेनदेन तथा पहले से तय नियमित भुगतान शामिल नहीं होंगे.
बैंक की लापरवाही के दायरे में आएंगी ये स्थितियां
RBI ने बैंक की जवाबदेही को लेकर भी सख्त प्रावधान प्रस्तावित किए हैं. इसके तहत अगर बैंक के सिस्टम में खराबी, सुरक्षा में सेंध या बैंक कर्मचारी अथवा किसी थर्ड पार्टी की मिलीभगत से ग्राहक के साथ डिजिटल फ्रॉड होता है, तो इसे बैंक की लापरवाही माना जाएगा. इसका उद्देश्य डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों में बैंक की जिम्मेदारी तय करना और ग्राहकों को बेहतर सुरक्षा देना है.
डिजिटल पेमेंट फ्रॉड के कितने मामले आए सामने?
डिजिटल भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के मामले भी चिंता का विषय बने हुए हैं. RBI के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2015-16 से 2025-26 के बीच बैंकों और वित्तीय संस्थानों में डिजिटल पेमेंट फ्रॉड के करीब 8.23 लाख मामले दर्ज किए गए. इन मामलों में कुल 4,457 करोड़ रुपये की रकम शामिल थी.
वित्त वर्ष 2023-24 में डिजिटल पेमेंट फ्रॉड के कारण सबसे ज्यादा 2,060.75 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया था. वहीं, व्यापक साइबर अपराध के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में 22,849 करोड़ रुपये और 2025 में 19,812 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी.
कब से लागू होंगे नए नियम?
RBI ने इन प्रस्तावित नियमों पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव और टिप्पणियां मांगी हैं. अंतिम नियम जारी होने के बाद 'Stop Switch' और 'Trusted Person Mechanism' सहित ग्राहक सुरक्षा से जुड़े प्रमुख प्रावधान 1 जुलाई 2027 से लागू होंगे. बैंक चाहें तो इन्हें इससे पहले भी लागू कर सकते हैं. वहीं, बैंक की लापरवाही की परिभाषा को व्यापक बनाने से जुड़े कुछ प्रावधान 1 जनवरी 2027 से लागू करने का प्रस्ताव है.
टैग्स