होम / बिजनेस / Colgate-Palmolive को चालू वर्ष में लगा झटका, शेयर 5% लुढ़का
Colgate-Palmolive को चालू वर्ष में लगा झटका, शेयर 5% लुढ़का
Colgate-Palmolive इंडिया का शुद्ध लाभ Q4FY25 में घटकर 355 करोड़ रुपये हुआ, जो Q4FY24 में 379.82 रुपये करोड़ था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
कोलगेट-पामोलिव इंडिया (Colgate-Palmolive) के शेयर में 5 प्रतिशत की गिरावट आई है. जब कंपनी ने शहरी मांग में नरमी और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही (Q4FY25) में साल-दर-साल (YoY) आधार पर अपने शुद्ध लाभ में छह प्रतिशत की गिरावट दर्ज की. कोलगेट-पामोलिव इंडिया का शुद्ध लाभ Q4FY25 में 355 करोड़ रुपये रहा, जो Q4FY24 में 379.82 करोड़ रुपये था.
शेयर का हाल
कोलगेट-पामोलिव इंडिया के शेयर ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर सुबह 4.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,530 रुपये पर कारोबार कर रहा था. वहीं खबर लिखे जाने तक इसमें 5.20 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 2,519.70 रुपये पर पहुंच गया.
कंपनी का वित्तीय परिणाम
कंपनी के वित्तीय परिणामों से पता चला कि चालू तिमाही में परिचालन से प्राप्त राजस्व घटकर 1,452.02 करोड़ रुपये रह गया, जो Q4FY24 में 1,480.66 करोड़ रुपये था. FY25 में कंपनी ने परिचालन से प्राप्त राजस्व में वृद्धि दर्ज की, जो FY24 के 5,644.18 करोड़ रुपये की तुलना में 5,999.20 करोड़ रुपये रहा.
FY25 में घरेलू शुद्ध बिक्री वृद्धि 5.6 प्रतिशत दर्ज की गई. तिमाही के लिए कंपनी ने 1,452 करोड़ रुपये की शुद्ध बिक्री दर्ज की, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 1,481 करोड़ रुपये थी. बोर्ड ने 1 रुपये अंकित मूल्य के प्रति शेयर पर 27 रुपये का दूसरा अंतरिम लाभांश घोषित किया. शेयरधारकों को लाभांश भुगतान 734 करोड़ रुपये होगा और यह 16 जून 2025 को या उसके बाद उन शेयरधारकों को किया जाएगा जिनके नाम 28 मई 2025 को कंपनी के सदस्यों के रजिस्टर में दर्ज होंगे.
डिविडेंड की घोषणा
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है कि वह वर्ष 2024-25 के लिए कुल लाभांश (Dividend) 51 रुपये प्रति शेयर देगी.
भविष्य की ओर देखते हुए, जबकि कंपनी निकट भविष्य में व्यापक आर्थिक चुनौतियों के बने रहने की उम्मीद कर रही है, वह वर्ष के उत्तरार्ध में बाजार की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार की अपेक्षा भी करती है.
टैग्स