होम / अप्वाइंटमेंट / महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शुचि सूरी को सौंपी ऑटोमोटिव बिजनेस की सेल्स और मार्केटिंग की कमान
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शुचि सूरी को सौंपी ऑटोमोटिव बिजनेस की सेल्स और मार्केटिंग की कमान
शुचि सूरी फिलहाल महिंद्रा एक्सपीरियंस की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट हैं. वह 1 अप्रैल 2027 से नई जिम्मेदारी संभालेंगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 6 hours ago
महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra) ने अपने ऑटोमोटिव कारोबार के लिए शुचि सूरी (Shuchi Suri) को चीफ सेल्स एंड मार्केटिंग ऑफिसर नियुक्त किया है. कंपनी ने नियामकीय फाइलिंग के जरिए इस नियुक्ति की जानकारी दी है. सूरी 1 अप्रैल 2027 से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी. वह ऑटोमोटिव बिजनेस के प्रेसिडेंट आर वेलुसामी (R Velusamy) को रिपोर्ट करेंगी.
फिलहाल शुचि सूरी महिंद्रा एक्सपीरियंस में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने मई 2026 में महिंद्रा ग्रुप जॉइन किया था. उनके पास बिजनेस लीडरशिप, मार्केटिंग और कंज्यूमर ऑपरेशंस के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव है.
महिंद्रा ग्रुप में शामिल होने से पहले सूरी ने यूनिलीवर (Unilever) के साथ करीब 22 साल तक काम किया. इस दौरान उन्होंने भारत, एशिया-प्रशांत क्षेत्र और ब्रिटेन स्थित ग्लोबल हेडक्वार्टर में कई नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाईं. अपनी पिछली जिम्मेदारी में वह यूनिलीवर में ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट (होमकेयर) के पद पर थीं.
उन्हें ब्रांड रणनीति, उपभोक्ता वर्गीकरण, प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में बदलाव, प्रीमियम इनोवेशन और डिजिटल मार्केटिंग पार्टनरशिप के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल है. उनकी नियुक्ति को महिंद्रा के ऑटोमोटिव कारोबार में सेल्स और मार्केटिंग नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
टैग्स