होम / अप्वाइंटमेंट / डाबर के ग्लोबल CEO मोहित मल्होत्रा ने दिया इस्तीफा, हरजीत सिंह भल्ला संभालेंगे जिम्मेदारी
डाबर के ग्लोबल CEO मोहित मल्होत्रा ने दिया इस्तीफा, हरजीत सिंह भल्ला संभालेंगे जिम्मेदारी
डाबर ने हरजीत सिंह भल्ला को 14 नवंबर 2026 से पांच साल के कार्यकाल के लिए अतिरिक्त निदेशक और पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
डाबर इंडिया (Dabur India) के ग्लोबल चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और पूर्णकालिक निदेशक मोहित मल्होत्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. वह 13 नवंबर 2026 को कंपनी से अलग हो जाएंगे. तीन दशक से अधिक समय तक डाबर के साथ जुड़े रहने के बाद मल्होत्रा ने विदेश में एक नई नेतृत्वकारी भूमिका स्वीकार की है. कंपनी ने उनकी जगह भारत कारोबार के मौजूदा CEO हरजीत सिंह भल्ला को नियुक्त करने का फैसला किया है.
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि निदेशक मंडल ने 4 नवंबर को हुई बैठक में मोहित मल्होत्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. मल्होत्रा ने 3 नवंबर को लिखे अपने इस्तीफे में निजी हितों और नई पेशेवर चुनौती को स्वीकार करने की इच्छा को पद छोड़ने की वजह बताया है.
हरजीत सिंह भल्ला को मिली नई जिम्मेदारी
डाबर ने हरजीत सिंह भल्ला को 14 नवंबर 2026 से पांच साल के कार्यकाल के लिए अतिरिक्त निदेशक और पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया है. यह नियुक्ति नियामकीय मंजूरी के अधीन होगी. भल्ला फिलहाल कंपनी के भारत कारोबार के CEO हैं. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भी वह भारत के कारोबार की देखरेख करते रहेंगे और बोर्ड स्तर पर भी अपनी भूमिका निभाएंगे.
30 साल से अधिक समय तक डाबर से जुड़े रहे मोहित मल्होत्रा
मोहित मल्होत्रा ने अपने करियर की शुरुआत डाबर में मैनेजमेंट ट्रेनी के तौर पर की थी. अपने इस्तीफे में उन्होंने कंपनी के विकास का जिक्र करते हुए बताया कि डाबर ने उनके कार्यकाल में 1,250 करोड़ रुपये के कारोबार से आगे बढ़कर एक बहुराष्ट्रीय कंज्यूमर गुड्स कंपनी का रूप लिया. आज कंपनी 100 से अधिक देशों में कारोबार कर रही है और उसका राजस्व 13,000 करोड़ रुपये से अधिक है.
उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और अवसरों के लिए बर्मन परिवार, निदेशक मंडल और सहकर्मियों का आभार जताया. साथ ही कहा कि अब उनके लिए नई पेशेवर चुनौती की ओर बढ़ने का सही समय है.
यूनिलीवर और हर्शे में काम कर चुके हैं भल्ला
हरजीत सिंह भल्ला इस साल की शुरुआत में डाबर से जुड़े थे. उन्हें ब्रांड निर्माण, कारोबार के विस्तार और बिजनेस ग्रोथ के क्षेत्र में 25 साल से अधिक का अनुभव है. डाबर में शामिल होने से पहले वह यूनिलीवर (Unilever) में मैनेजमेंट पदों पर काम कर चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने द हर्शे कंपनी (The Hershey Company) और मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया (METRO Cash & Carry India) में भी वैश्विक नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभाली हैं.
पीडी नारंग निभाएंगे रणनीतिक भूमिका
कंपनी के मौजूदा पूर्णकालिक निदेशक पीडी नारंग समूह के विभिन्न कारोबारों को रणनीतिक मार्गदर्शन देंगे. इसमें डाबर के अंतरराष्ट्रीय कारोबार की निगरानी भी शामिल होगी. इस बदलाव के बाद भल्ला भारत के कारोबार और बोर्ड स्तर की जिम्मेदारियां संभालेंगे, जबकि नारंग समूह के व्यापक कारोबार की रणनीतिक दिशा तय करने में सहयोग करेंगे.
टैग्स