होम / अप्वाइंटमेंट / हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस के CEO बने विवेक कन्नन, सचिन पिल्लई की लेंगे जगह
हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस के CEO बने विवेक कन्नन, सचिन पिल्लई की लेंगे जगह
कन्नन को वित्तीय सेवा क्षेत्र, रिटेल लेंडिंग और बिजनेस ऑपरेशंस में दो दशक से अधिक का अनुभव है. हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस में COO रहते हुए वह कंपनी के हाउसिंग फाइनेंस कारोबार की निगरानी कर रहे थे.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस ने विवेक कन्नन को कंपनी का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति 30 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हो गई है. कन्नन इससे पहले कंपनी में मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) के पद पर कार्यरत थे. वह सचिन पिल्लई की जगह लेंगे, जिन्होंने 29 अक्टूबर को कंपनी के प्रबंध निदेशक (MD) पद से इस्तीफा दे दिया था. हालांकि, वह कंपनी के बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक (Non-Executive Director) के रूप में बने रहेंगे.
कन्नन को वित्तीय सेवा क्षेत्र, रिटेल लेंडिंग और बिजनेस ऑपरेशंस में दो दशक से अधिक का अनुभव है. हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस में COO रहते हुए वह कंपनी के हाउसिंग फाइनेंस कारोबार की निगरानी कर रहे थे. इसके साथ ही कंपनी के समग्र लाभ और हानि (P&L) की जिम्मेदारी भी उनके पास थी.
2020 में हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस से जुड़े थे कन्नन
विवेक कन्नन वर्ष 2020 में हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस से जुड़े थे. इस दौरान उन्होंने कंपनी के कारोबार और परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई. कंपनी में COO से CEO के पद पर उनकी पदोन्नति को नेतृत्व में निरंतरता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस में शामिल होने से पहले कन्नन मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) के रूप में कार्यरत थे. इससे पहले वह DHFL में रिटेल बिजनेस के COO की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
उन्होंने अपने करियर में Citi, Barclays और GE Capital जैसी कंपनियों में भी काम किया है. इन संस्थानों में उन्होंने क्रेडिट ऑपरेशंस, बिजनेस स्ट्रैटेजी, रिकवरी, कलेक्शन और कस्टमर सर्विस से जुड़े नेतृत्वकारी पदों पर जिम्मेदारी निभाई है.
कारोबार की वृद्धि और परिचालन दक्षता पर रहेगा फोकस
CEO के रूप में विवेक कन्नन कंपनी के समग्र कारोबारी प्रदर्शन की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके कार्यक्षेत्र में क्रेडिट, कलेक्शन, ऑपरेशंस, रिस्क, कंप्लायंस और मानव संसाधन से जुड़े काम शामिल होंगे.
नई जिम्मेदारी में उनका फोकस बाजार में कंपनी की मौजूदगी मजबूत करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और सतत विकास को गति देने पर रहेगा. इसके साथ ही अधिक लोगों तक हाउसिंग फाइनेंस की पहुंच बढ़ाने की दिशा में भी काम करेंगे.
हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस, हिंदुजा लेलैंड फाइनेंस की सहायक कंपनी है और हिंदुजा ग्रुप का हिस्सा है. कंपनी देशभर में आवास वित्त से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराती है.
टैग्स