होम / टेक / AI को लेकर बड़ी चेतावनी, छिन जाएगी इतने करोड़ लोगों की जॉब!
AI को लेकर बड़ी चेतावनी, छिन जाएगी इतने करोड़ लोगों की जॉब!
गोल्डमैन सैश की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि AI से बड़े पैमाने पर नौकरियां जा सकती हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI हमारी जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनता जा रहा है. AI टूल ChatGPT के लॉन्च होने के बाद तो AI को लेकर बड़े पैमाने पर चर्चा शुरू हो गई है. यह आशंका भी जताई जा रही है कि ChatGPT जैसे चैटबॉट आने वाले समय में इंसानों की नौकरियों के लिए खतरा बन जाएंगे. अब गोल्डमैन सैश की एक रिपोर्ट से इस आशंका को बल मिला है. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि AI जैसी शक्तिशाली तकनीक भविष्य में कई नौकरियों को खत्म कर सकती है.
श्रम बाजार होगा प्रभावित
गोल्डमैन सैश की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि AI से 300 मिलियन यानी 30 करोड़ नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, AI संभावित रूप से लगभग 300 मिलियन पूर्णकालिक नौकरियों की जगह ले सकता है. AI ऑटोमेशन से अमेरिका और यूरोपीय संघ में कम से कम दो-तिहाई नौकरियां खतरे में हैं. इतना ही नहीं, यदि जेनरेटिव AI अपनी वादा की गई क्षमताओं को पूरा करता है, तो श्रम बाजार को गंभीर व्यवधान का सामना करना पड़ सकता है.
रिपोर्ट में यह बात भी शामिल
रिपोर्ट में कहा गया है कि जेनरेटिव AI वर्तमान कार्य के एक-चौथाई भाग को खुद कर सकता है. जिसका मतलब है कि इसकी जद में कई नौकरियां आ सकती है. हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि तकनीकी प्रगति से नई नौकरियां और उत्पादकता में उछाल हो सकता है. साथ ही इससे वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद में 7 प्रतिशत तक बढ़ोतरी भी हो सकती है. रिपोर्ट बताती है कि ChatGPT जैसे जेनरेटिव एआई सिस्टम ह्यूमन आउटपुट के जैसे कंटेंट बना सकते हैं और अगले दशक तक प्रोडक्शन में उछाल ला सकते हैं.
इस तरह प्रभावित होंगी जॉब्स
रिपोर्ट के अनुसार, AI से कुछ नौकरियां दूसरों की तुलना में अधिक प्रभावित होंगी. उदाहरण के तौर पर, ऐसी नौकरियां जिनमें बहुत अधिक शारीरिक श्रम की आवश्यकता होती है, उनके प्रभावित होने की संभावना कम है. अमेरिका में ऑफिस और प्रशासनिक सहायता से जुड़ी नौकरियां AI से सबसे अधिक प्रभावित होंगी. इसे 46 फीसदी तक स्वचालित किया जा सकता है. इसके बाद लीगल वर्क 44% और वास्तुकला और इंजीनियरिंग से जुड़े 37% काम प्रभावित हो सकते हैं. इसी तरह, लाइफ, फिजिक्स और सोशल साइंस क्षेत्र की 36% और व्यवसाय और वित्तीय संचालन की 35% नौकरियां AI से प्रभावित हो सकती हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हांगकांग, इजराइल, जापान, स्वीडन और US में AI का सबसे अधिक असर होगा. जबकि भारत, चीन, नाइजीरिया, वियतनाम और केन्या में इसका असर नौकरियों पर अपेक्षाकृत कम रह सकता है.
टैग्स