होम / रियल एस्टेट / 'क्वीन' ने बेच दिया अपना महल, एक ही झटके में 12 करोड़ का प्रॉफिट भी कमा लिया
'क्वीन' ने बेच दिया अपना महल, एक ही झटके में 12 करोड़ का प्रॉफिट भी कमा लिया
कंगना रनौत ने अपनी एक प्रॉपर्टी बेचकर मोटा मुनाफा कमाया है. कंगना की यह प्रॉपर्टी मुंबई के पाली हिल इलाके में थी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वालीं भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अब एक प्रॉपर्टी डील को लेकर खबरों में हैं. एक रिपोर्ट के अनुसार, कंगना ने मुंबई के पाली हिल इलाके में नरगिस दत्त रोड पर स्थित अपना बंगला 32 करोड़ रुपए में बेच दिया है. यह बंगला उन्हें 12 करोड़ रुपए का प्रॉफिट देकर गया है.
20 करोड़ में खरीदा था
कंगना रनौत ने इस बंगले को सितंबर 2017 में 20 करोड़ रुपये में खरीदा था. यह कुल 3,075 वर्ग फुट में फैला है और इसमें 565 वर्ग फुट में पार्किंग स्पेस है. प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट के अनुसार, यह लेनदेन 5 सितंबर को पंजीकृत किया गया है. इसके लिए 1.92 करोड़ की स्टांप ड्यूटी और 30,000 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान किया गया है.
कितनी अमीर हैं कंगना?
भाजपा सांसद के इस आलीशान बंगले को कमलिनी होल्डिंग्स की पार्टनर श्वेता बथीजा ने खरीदा है. कंगना की संपत्ति की बात करें, तो उनके पास बेशुमार दौलत है. हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते समय कंगना ने हलफनामे में अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया था. कंगना रनौत ने 91 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित की थी, जिसमें चल संपत्ति में 28.7 करोड़ और अचल संपत्ति में 62.9 करोड़ रुपए शामिल हैं.
कई सेलिब्रिटीज का घर
कंगना हाल ही में मुंबई के अंधेरी इलाके में 1.56 करोड़ रुपए में एक ऑफिस स्पेस भी खरीदा था . 407 वर्ग फुट में फैली ये प्रॉपर्टी आर्क वन नामक बिल्डिंग की 19 वीं मंजिल पर स्थित है. बता दें कि मुंबई का पाली हिल इलाका कई सेलिब्रिटीज का घर है. दिवंगत सुनील और नरगिस दत्त, दिवंगत ऋषि कपूर, नीतू सिंह, गुलजार, इमरान खान, आमिर खान, संजय दत्त और आदि के बंगले इसी इलाके में हैं.
टैग्स