होम / पॉलिटिकल एनालिसिस / लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने को कैबिनेट की मंजूरी, अगले हफ्ते संसद में पेश होगा संशोधित बिल
लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने को कैबिनेट की मंजूरी, अगले हफ्ते संसद में पेश होगा संशोधित बिल
सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है. यह सत्र मानसून सत्र के विस्तार के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें संशोधित विधेयक पर चर्चा और उसे पारित कराने की कोशिश होगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
केंद्र सरकार ने लोकसभा की सीटों में 50% की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस फैसले पर मुहर लगाई. इसके साथ ही लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़कर 850 हो जाएगी. सरकार अगले सप्ताह संसद में परिसीमन (Delimitation) से जुड़ा संशोधित विधेयक पेश कर सकती है. नए प्रस्ताव के तहत अगले 25 वर्षों यानी 2051 तक राज्यों के बीच सीटों का आवंटन स्थिर रखा जाएगा. इस फैसले को दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं को दूर करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है. यह सत्र मानसून सत्र के विस्तार के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें संशोधित विधेयक पर चर्चा और उसे पारित कराने की कोशिश होगी. यह प्रस्ताव संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने के कानून को लागू करने से भी जुड़ा है.
अप्रैल में पेश किया गया था संविधान संशोधन विधेयक
केंद्र सरकार ने अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पेश किया था. हालांकि, विपक्षी दलों के विरोध के बाद यह विधेयक पारित नहीं हो सका. विपक्ष ने महिला आरक्षण लागू करने को अगली जनगणना के आधार पर परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जताई थी.
दक्षिण भारतीय राज्यों का तर्क था कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन करने से उत्तर भारतीय राज्यों को अधिक फायदा मिल सकता है, क्योंकि इन राज्यों में ऐतिहासिक रूप से जनसंख्या वृद्धि की दर अधिक रही है. उनका कहना था कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें संसद में अपनी मौजूदा हिस्सेदारी गंवानी पड़ सकती है.
अब केंद्र सरकार ने सभी राज्यों में लोकसभा सीटों को समान अनुपात में 50% बढ़ाने का प्रस्ताव स्वीकार किया है. इसका उद्देश्य राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व को लेकर उठ रही चिंताओं को दूर करना है. हालांकि, परिसीमन के दौरान राज्यों के बीच सीटों के अनुपातिक वितरण का सवाल अभी भी महत्वपूर्ण बना हुआ है.
लोकसभा की सीटों की संख्या में आखिरी बड़ा बदलाव 1970 के दशक में हुआ था. उस समय 1971 की जनगणना के आधार पर सदन की सीटें 543 निर्धारित की गई थीं. इसके बाद संसद में प्रतिनिधित्व से जुड़े बदलाव दो बार टाल दिए गए. फिलहाल लोकसभा की प्रभावी सदस्य संख्या 539 है.
नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा की कुल सीटें बढ़कर 850 हो जाएंगी, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन अगले 25 वर्षों तक स्थिर रहेगा. इस तरह प्रस्तावित विस्तार को अगली जनगणना के आधार पर होने वाले जनसंख्या अनुपातिक पुनर्वितरण से अलग रखा गया है.
विधेयक पारित कराने के लिए सरकार के सामने बहुमत की चुनौती
संशोधित प्रस्ताव से सरकार की स्थिति पहले के मुकाबले मजबूत हुई है, लेकिन संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी बहुमत जुटाना अभी भी चुनौती है. विधेयक पारित कराने के लिए NDA को संसद में दो-तिहाई बहुमत के तहत करीब 358 वोटों की जरूरत होगी, जबकि फिलहाल उसे लगभग 319 सांसदों का समर्थन हासिल है.
सरकार के आंकड़ों में तृणमूल कांग्रेस के 28 सांसदों में से 20 सांसद भी शामिल हैं, जिन्होंने अलग होकर NCPI नाम से पार्टी बनाई है और NDA का समर्थन कर रहे हैं. इसके अलावा, शिरोमणि अकाली दल के एक सांसद का समर्थन भी सरकार को मिला है. अकाली दल की NDA में वापसी के बाद यह समर्थन हासिल हुआ है.
वहीं, शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के 8 सांसदों और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के 22 सांसदों का समर्थन भी अहम होगा. इन दोनों दलों ने पहले सभी राज्यों में लोकसभा सीटों को समान अनुपात में 50% बढ़ाने की मांग की थी. केंद्र सरकार ने अब इस मांग को स्वीकार कर लिया है.
हालांकि, दोनों दलों का समर्थन मिलने के बावजूद NDA जरूरी बहुमत से करीब 8-9 वोट पीछे रह सकता है. ऐसे में सरकार को अन्य दलों का समर्थन जुटाना होगा. वहीं, मतदान के दौरान कुछ सांसदों के अनुपस्थित रहने या मतदान से दूर रहने पर जरूरी बहुमत का आंकड़ा कम हो सकता है.
संशोधित प्रस्ताव से अप्रैल में विधेयक पर हुए मतदान की तुलना में सरकार की स्थिति बेहतर हुई है. हालांकि, विधेयक का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि केंद्र सरकार अपने मौजूदा गठबंधन के अलावा अन्य दलों का कितना समर्थन जुटा पाती है.
टैग्स