होम / बिजनेस / बिना टैरिफ बढ़ाए टेलीकॉम कंपनियों की कमाई में 8.5% उछाल, एयरटेल सबसे आगे
बिना टैरिफ बढ़ाए टेलीकॉम कंपनियों की कमाई में 8.5% उछाल, एयरटेल सबसे आगे
एक साल में एक्टिव मोबाइल ग्राहकों की संख्या 4.1% और प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) 4.3% बढ़ी, जेफरीज ने अप्रैल 2027 में अगली टैरिफ बढ़ोतरी का अनुमान जताया
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
भारतीय टेलीकॉम सेक्टर ने सितंबर 2026 तिमाही में बिना किसी नई मोबाइल टैरिफ बढ़ोतरी के भी राजस्व में अच्छी वृद्धि दर्ज की है. ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई-सितंबर तिमाही में घरेलू टेलीकॉम इंडस्ट्री का राजस्व सालाना आधार पर 8.5% बढ़ा. इस वृद्धि में सक्रिय मोबाइल ग्राहकों की संख्या और प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) में बढ़ोतरी की अहम भूमिका रही. इस दौरान भारती एयरटेल का प्रदर्शन इंडस्ट्री के औसत से बेहतर रहा और कुल अतिरिक्त राजस्व वृद्धि में उसका योगदान करीब 50% रहा.
ग्राहकों और ARPU में बढ़ोतरी से बढ़ी कमाई
जेफरीज के मुताबिक, सितंबर तिमाही में टेलीकॉम कंपनियों के सक्रिय ग्राहकों की संख्या सालाना आधार पर 4.1% बढ़ी. वहीं, प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) में 4.3% का इजाफा हुआ. इन दोनों वजहों से कंपनियों को बिना मोबाइल रिचार्ज की कीमतें बढ़ाए अधिक कमाई करने में मदद मिली. इस दौरान टेलीकॉम इंडस्ट्री का सालाना राजस्व करीब 35 अरब डॉलर के नए स्तर पर पहुंच गया.
एयरटेल की कमाई में 10% की बढ़ोतरी
सितंबर तिमाही में भारती एयरटेल का राजस्व सालाना आधार पर 10% बढ़ा, जो इंडस्ट्री की 8.5% की वृद्धि से अधिक है. कंपनी के सक्रिय ग्राहकों की संख्या में 3% और ARPU में 7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. एयरटेल का मासिक ARPU एक साल पहले के करीब 253 रुपये से बढ़कर 270 रुपये पहुंच गया.
जेफरीज की रिपोर्ट के अनुसार, टेलीकॉम इंडस्ट्री के कुल अतिरिक्त राजस्व में एयरटेल का योगदान करीब 50% रहा. कंपनी की राजस्व बाजार हिस्सेदारी भी वित्त वर्ष 2025-26 के मुकाबले सितंबर 2026 तिमाही में 0.70 प्रतिशत अंक बढ़कर 41% हो गई. एयरटेल ने देश के 22 में से नौ टेलीकॉम सर्किलों में दो अंकों की राजस्व वृद्धि दर्ज की.
वोडाफोन आइडिया की चुनौती बरकरार
वोडाफोन आइडिया का राजस्व सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर केवल 2% बढ़ा. कंपनी के ARPU में 5% की वृद्धि हुई, लेकिन सक्रिय ग्राहकों की संख्या 3% घट गई. उसका मासिक ARPU करीब 207 रुपये रहा, जो एयरटेल के 270 रुपये से काफी कम है.
कंपनी की राजस्व बाजार हिस्सेदारी भी वित्त वर्ष 2025-26 के मुकाबले 0.55 प्रतिशत अंक घटकर करीब 13% रह गई. जेफरीज के मुताबिक, देश के 22 में से 18 टेलीकॉम सर्किलों में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी घटी. हालांकि, ग्राहकों की संख्या में गिरावट की रफ्तार धीमी हुई है, जिसे कारोबार में स्थिरता आने का शुरुआती संकेत माना जा सकता है.
तीन साल में 13% सालाना बढ़ सकती है सेक्टर की कमाई
जेफरीज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-27 से 2028-29 के बीच टेलीकॉम सेक्टर के राजस्व में सालाना औसतन 13% की वृद्धि हो सकती है. ब्रोकरेज के अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 32 अरब डॉलर रहा सेक्टर का राजस्व 2026-27 में 35 अरब डॉलर, 2027-28 में 41 अरब डॉलर और 2028-29 तक 44 अरब डॉलर पहुंच सकता है.
इसी अवधि में इंडस्ट्री का औसत ARPU भी वित्त वर्ष 2025-26 के करीब 213 रुपये से बढ़कर 2028-29 में लगभग 264 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है.
अप्रैल 2027 में बढ़ सकते हैं मोबाइल टैरिफ
जेफरीज ने अपने अनुमानों में अप्रैल 2027 में मोबाइल टैरिफ बढ़ोतरी की संभावना भी शामिल की है. हालांकि, ब्रोकरेज ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि रिचार्ज की कीमतों में कितने प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है. फिलहाल किसी भी टेलीकॉम कंपनी ने टैरिफ बढ़ाने को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
टैग्स