होम / बिजनेस / आखिर क्यों इस दिग्गज इन्वेस्टर ने Adani Group में पैसा लगाने से किया इनकार?
आखिर क्यों इस दिग्गज इन्वेस्टर ने Adani Group में पैसा लगाने से किया इनकार?
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने अडानी समूह को तगड़ा नुकसान पहुंचाया था. हालांकि, अब समूह की कंपनियां रिकवरी मोड में हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
गौतम अडानी (Gautam Adani) भले ही हिंडनबर्ग (Hindenburg) के झटकों उबर आए हों, लेकिन उनकी कंपनियों में निवेशकों का विश्वास पूरी तरह वापस नहीं लौटा है. अमेरिकन-जर्मन इन्वेस्टर मार्क मोबियस (Mark Mobius) उन निवेशकों में शामिल हैं, जो अडानी समूह की कंपनियों में पैसा नहीं लगाना चाहते. मोबियस कैपिटल पार्टनर्स के फाउंडर (Mobius Capital Partners) मार्क मोबियस ने अडानी ग्रुप के कर्ज पर सवाल उठाते हुए निवेश करने से इनकार कर दिया है.
भारत में विश्वास कायम
मार्क मोबियस भारत को लेकर काफी आश्वस्त हैं और मानते हैं कि यहां निवेशकों के लिए काफी कुछ है, लेकिन जब बात अडानी समूह में निवेश की आती है, तो वह इसके लिए तैयार नहीं. मोबियस भारत में अपना निवेश बढ़ाना चाहते हैं. उनके इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो में भारत दो सबसे बड़े बाजारों में से एक है. उन्होंने अमेरिका के हाल पर चिंता जताते हुए कहा कि कई दूसरी अर्थव्यवस्थाओं ने हाल के दिनों में अमेरिकी बाजार से अच्छा प्रदर्शन किया है. चीन के अलावा भारतीय बाजारों ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है. भारत सरकार लगातार सुधार प्रक्रिया पर ध्यान दे रही है, जिससे निवेशक भारत की ओर आकर्षित हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें - Byju's में कायम है निवेशकों का भरोसा, इस विदेशी फर्म ने लगाया बंपर पैसा
बहुत ज्यादा है कर्ज
अडानी समूह में निवेश के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह फिलहाल इससे दूर रहेंगे. मार्क मोबियस ने कहा कि हमने कर्ज के चलते अडानी ग्रुप की कंपनियों में निवेश से दूरी बनाने का फैसला किया है. मोबियस के मुताबिक, अडानी समूह पर बहुत ज्यादा कर्ज है और वह अधिक कर्ज वाली कंपनियों में निवेश नहीं करना चाहते. बता दें कि इससे पहले फरवरी में भी उन्होंने यही बात कही थी. हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में भी अडानी समूह के कर्ज पर सवाल उठाए गए थे. इसके साथ ही हिंडनबर्ग ने समूह पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे.
समूह के शेयरों में गिरावट
इधर, अडानी समूह की कई कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है. समूह की फ्लैगशिप कंपनी Adani Enterprises के शेयर खबर लिखे जाने तक 2.71% टूटकर कारोबार कर रहे थे. हालांकि, बाजार के शुरुआती दौर में ये गिरावट ज्यादा थी, लेकिन धीरे-धीरे फासला कम होता जा रहा है. अडानी पोर्ट्स भी करीब एक फीसदी की गिरावट पर ट्रेड कर रहा था. इसी तरह, अडानी पावर में 1.66% की नरमी आई है. अडानी ग्रीन 2.08% गिरकर कारोबार कर रहा है. अडानी ट्रांसमिशन में गिरावट का आंकड़ा ज्यादा है. ये शेयर 4.96% फिसलकर कारोबार कर रहा है.
टैग्स