होम / बिजनेस / #UPGISWithBW: 16 गुणा बढ़ा प्रदेश का रेल बजट, दुनिया के लिए बनेगा मॉडल
#UPGISWithBW: 16 गुणा बढ़ा प्रदेश का रेल बजट, दुनिया के लिए बनेगा मॉडल
उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आखिरी दिन रेल मंत्री ने प्रदेश में रेलवे में होने वाले बदलावों के बारे में बताया और कहा हमें प्रदेश को दुनिया के सामने मॉडल के रूप में पेश करना चाहिए.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
रेल और इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार, प्रदेश को बुलेट ट्रेन की गति से आगे बढ़ा रही है. निवेश के महाकुम्भ के आखिरी दिन आयोजित सेशन के दौरान रेल मंत्री ने कहा, हमें उत्तर प्रदेश को दुनिया के सामने एक आदर्श राज्य के तौर पर प्रस्तुत करना चाहिए.
16 गुणा बढ़ा रेलवे बजट
सेशन के दौरान अपने संबोधन में रेल मंत्री ने कहा - 2014 से पहले जब रेल बजट आता था तो उत्तर प्रदेश के हिस्से में सिर्फ 1000 से 1100 करोड़ रुपए ही आते थे. लेकिन इस बार, मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश के हिस्से को 16 गुणा बढ़ा दिया है. उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आखिरी दिन प्रदेश में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और नेटवर्क डेवलपमेंट के लिए रेलवे और राज्य सरकार के बीच 17507 करोड़ रुपए का MoU साइन किया गया. इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 149 स्टेशनों का री-डेवलपमेंट किया जा रहा है. आर्ट एंड क्राफ्ट में काम करने वाले लोगों के लिए वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना शुरू की गई है जिसके माध्यम से इस सेक्टर से जुड़े लोगों की कमाई में वृद्धि होगी और साथ ही ये प्रोडक्ट्स अब लोकल से ग्लोबल तक उपलब्ध हैं. रेल मंत्री ने इन्वेस्टर्स से अनुरोध किया की वे रेलवे से जुड़कर उत्तर प्रदेश में अपना प्रोजेक्ट लगाएं और इन्वेटमेंट से अच्छे रिजल्ट्स पायें.
राज्य में बिछेगा सड़कों और हाइवे का जाल
सेशन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में लोक निर्माण विभाग के मंत्री, जितिन प्रसाद ने कहा कि रेल और रोड के बिना हम जनता की उम्मीदों को पूरा नहीं कर पायेंगे. उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में चार लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्य के अन्दर एक्सप्रेस-वे और हाइवे का जाल बिछाया जाएगा और साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि 560 किलोमीटर लम्बे गंगा एक्सप्रेस-वे पर जोर शोर से काम किया जा रहा है. इसके साथ साथ प्रदेश में 59 रेलवे ओवरब्रिज बनाने का काम पूरा हो चुका है और अब 250 ऐसे रेलवे ओवरब्रिज की पहचान कर ली गयी है जिन पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख TUV का काम रेलवे के सहयोग से पूरा किया जाएगा और उत्तर प्रदेश सरकार के अनुरोध पर इसका पूरा खर्च रेलवे उठाएगा.
फ्रेट कॉरिडोर पूरा होने से राज्य को होगा फायदा
रेलवे के मैनेजिंग डायरेक्टर रविंद्र जैन ने कहा – हम देश में दो डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बना रहे हैं, जिसमें से एक वेस्ट तो दूसरा ईस्ट कॉरिडोर है. फ्रेट कॉरिडोर बनाने से माल गाड़ियां आराम से आना जाना कर पाएंगी और साथ ही इससे समय भी बचेगा. डेडिकेटेड ईस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर में से कुल 1058 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में पड़ता है. इस कोरिडोर के पूरा होने से उत्तर प्रदेश रेल नेटवर्क में बहुत बड़ा परिवर्तन होगा और यहां निवेश करने वाले उद्यमियों को अपना सामान लाने और ले जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी.
यह भी पढ़ें: #UPGISWithBW: उत्तर प्रदेश बन रहा है इकॉनमी का ग्रोथ इंजन, योजनायें लागू करने में सबसे आगे
टैग्स