होम / बिजनेस / #UPGISWithBW: यूपी सरकार की वाइन नीति ने बदल दी किसानों की किस्मत
#UPGISWithBW: यूपी सरकार की वाइन नीति ने बदल दी किसानों की किस्मत
नितिन अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने पहली वाइन नीति बनाई. लोकल किसानों को जोड़ा. हमने स्थानीय फलों से पहली बार वाइन बनाने के लिए उद्योगपतियों को प्रेरित किया.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2023 का आज (रविवार) आखिरी दिन है. इस मौके पर 'आबकारी और चीनी उद्योग में उत्तर प्रदेश के अवसर' विषय पर सत्र आयोजित किया गया. इस सेशन में प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर अपने विभाग के कामकाज पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी पूरी तरह से बदल गया है. जिस उत्तर प्रदेश की पहचान पहले अपराध के लिए होती थी, आज उसे देश के ग्रोथ इंजन के तौर पर जाना जाता है.
बढ़ रहा राजस्व
एक्साइज मिनिस्टर ने कहा कि किसी भी राज्य के लिए आबकारी विभाग एक महत्वपूर्ण विभाग होता है, क्योंकि वो बड़ा राजस्व देता है. यूपी के कुल बजट में आबकारी विभाग का योगदान करीब 7% है. बीते 6 सालों में आबकारी विभाग के राजस्व में ढाई गुना इजाफा हुआ है. पिछले वित्त वर्ष में यह 36 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा रहा था और इस वित्त वर्ष हमारा लक्ष्य इस आंकड़े को 42 हजार करोड़ से ज्यादा ले जाने का है.
लोकल फलों से वाइन
नितिन अग्रवाल ने बताया कि योगी सरकार की आबकारी नीति से प्रदेश के किसानों को भी काफी फायदा हो रहा है. उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार ने पहली वाइन नीति बनाई. लोकल किसानों को जोड़ा. हमने स्थानीय फलों से पहली बार वाइन बनाने के लिए उद्योगपतियों को प्रेरित किया. हमने उनसे कहा कि यदि वह लोकल फलों से वाइन तैयार करने के लिए प्लांट लगते हैं, तो सरकार उन्हें अतिरिक्त सुविधाएं देगी. इस तरह, सरकार ने किसानों को भी फायदा पहुंचाया.
65 हजार को दी नौकरी
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने आगे कहा कि डिस्टिलरी और ब्रूअरी की स्थापना में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. 2016 में 61 जहां डिस्टिलरी थीं, आज ये बढ़कर 85 हो गई हैं और 13 की स्थापना पर काम चल रहा है. इसी तरह, ब्रूअरी पहले 5 थीं और आज यह छह हो गई हैं. माइक्रो ब्रूअरी की संख्या भी 0 से बढ़कर 90 के पार चली गई है. उन्होंने कहा कि सरकार ने लाइसेंस प्रक्रिया को बेहद आसान बना दिया है. यूपी की आबकारी नीति सरल, स्पष्ट और पारदर्शी है. इस वजह से यहां निवेश को लेकर आकर्षण बढ़ा है. पिछले छह सालों में आबकारी सेक्टर में 7 हजार 800 करोड़ रुपए का निवेश आया है, जिससे 65 हजार युवाओं को रोजगार मिला है. उन्होंने उद्योगपतियों से यूपी में निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार हर कदम पर आपके साथ है.
टैग्स