होम / बिजनेस / यूपी के पहले Floating Restaurant को मिल गई मंजूरी, जानें कहां होगा तैयार
यूपी के पहले Floating Restaurant को मिल गई मंजूरी, जानें कहां होगा तैयार
विश्व के कई बड़े शहरों में नदियों के तटीय विकास से प्रेरणा लेते हुए ये फ्लोटिंग रेस्टोरेंट तैयार किया जाएगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
उत्तर प्रदेश के पहले फ्लोटिंग रेस्टोरेंट (UP First Floating Restaurant) को मंजूरी मिल गई है. इसे यमुना की लहरों पर संगम नगरी प्रयागराज में तैयार किया जाएगा. इस फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को बनाने में लगभग पांच करोड़ रुपए खर्च होंगे और इसे तैयार करने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश स्टेट टूरिज्म एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (UPSIDC) को दी गई है. ये रेस्टोरेंट साल में 9 महीने पर्यटकों के लिए खुला रहेगा और बाढ़ की आशंका वाले 3 महीनों में इसे किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा.
इसी साल पूरा करने का लक्ष्य
विश्व के कई बड़े शहरों में नदियों के तटीय विकास से प्रेरणा लेते हुए प्रयागराज में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना नदी ये फ्लोटिंग रेस्टोरेंट तैयार किया जाएगा. मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई पर्यटन विभाग की बैठक में प्रदेश के पहले फ्लोटिंग रेस्टोरेंट पर सहमति बनी है. पंत ने कहा कि रेस्टोरेंट को बनाने से पूर्व एनजीटी एवं अन्य संबंधित विभागों से एनओसी ली जाएगी. फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को इसी साल पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
सुरक्षा का रखा जाएगा ख्याल
मंडलायुक्त ने बताया कि रेस्टोरेंट के अतिरिक्त बोट शेड, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को वॉटर फ्रंट से जोड़ने के लिए स्लिपवे, नदियों में पार्टी व अधिक लोगों को एक साथ वोटिंग कराने को ध्यान में रखते हुए दो कैटामारन, आपातकालीन स्थितियों में लोगों को रेस्क्यू कराने के लिए दो स्पीड बोट, पर्याप्त मात्रा में लाइफ जैकेट तथा लाइफ गार्ड्स के भी इंतजाम किए जा रहे हैं. वहीं, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अरविंद चौहान ने कहा कि फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में कई तरह के व्यंजन परोसने के साथ-साथ बच्चों एवं बड़ों के मनोरंजन की अन्य सुविधाएं भी होंगी.
एजेंसी चलाएगी रेस्टोरेंट
इस योजना को अमल में लाने के लिए बोट क्लब को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर संचालित किया जाएगा. किसी एजेंसी को'फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और वही इसे संचालित करेगी. इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं. इच्छुक एजेंसियों को एक प्रिजेंटेशन देनी होगी, जिस एजेंसी की योजना सबसे अच्छी होगी, उसे बोट क्लब चलाने की जिम्मेदारी दी जाएगी.
टैग्स