होम / बिजनेस / इस Stock की रफ्तार देखकर आपको याद आ जाएगा Maruti का वो पुराना विज्ञापन, मालामाल हुए निवेशक
इस Stock की रफ्तार देखकर आपको याद आ जाएगा Maruti का वो पुराना विज्ञापन, मालामाल हुए निवेशक
तुलसी तांती ने अपनी कपड़ा कंपनी की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए 1995 में पवन ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में कदम रखा और सुजलॉन एनर्जी की स्थापना की थी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
भारत के विंडमैन कहे जाने वाले तुलसी तांती की कंपनी सुजलान एनर्जी (Suzlon Energy) के शेयर लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं. बीते कुछ समय में ही इस शेयर ने अपने निवेशकों को मालामाल कर दिया है. Suzlon के शेयरों की आगे बढ़ने की रफ्तार देखकर आपको मारुति सुजुकी का वो पुराना विज्ञापन याद आ जाएगा, जिसमें एक छोटा सिख बच्चा अपने पिता से कहता है - 'की करूं पेट्रोल खत्म ही नहीं होता'. सुजलान एनर्जी का रिटर्न रूपी माइलेज लगातार बढ़ता जा रहा है.
1 साल में 325.47% का रिटर्न
सुजलान एनर्जी के शेयर आज यानी शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में ही 5% की उछाल के साथ BSE पर नौ साल के उच्चतम स्तर 34.44 रुपए पर पहुंच गए थे. बाद में इसमें हलकी नरमी देखने को मिली. खबर लिखे जाने तक कंपनी के शेयर 34.25 रुपए पर ट्रेड कर रहे थे. पिछले 5 कारोबार सत्रों में यह शेयर 6.20%, एक महीने में 27.09% और 1 साल में 325.47% का रिटर्न दे चुका है. कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो उसने साल-दर-साल आधार पर टैक्स के बाद अपने मुनाफे में 82% की उछाल दर्ज की है. खर्चों में गिरावट के चलते सितंबर तिमाही में Suzlon ने 102 करोड़ रुपए का प्रॉफिट कमाया है. जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 56 करोड़ रुपए था.
मार्केट वैल्यू में 335% वृद्धि
एक रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में अब तक, सुजलॉन एनर्जी की मार्केट वैल्यू भी 335% बढ़ चुकी है. हालांकि, इस दूसरी तिमाही में कंपनी का नेट रिवेन्यु जरूर 1,430 करोड़ रुपये से घटकर 1,417 करोड़ रुपए हो गया है. बता दें किसितंबर में क्रिसिल रेटिंग्स ने सुजलॉन एनर्जी की बैंक सुविधाओं पर अपनी रेटिंग को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपग्रेड किया था. सुजलॉन एनर्जी का पॉजीटिव आउटलुक इस उम्मीद को दर्शाता है कि कंपनी की कंसॉलिडेटेड प्रॉफिटेबिलिटी आगे और बढ़ेगी.
ऐसे हुई थी कंपनी की स्थापना
सुजलान एनर्जी की स्थापना तुलसी तांती ने की थी. दरअसल, उन्होंने अपनी कपड़ा कंपनी की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए 1995 में पवन ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में कदम रखा और सुजलॉन एनर्जी की स्थापना की. तांती ने रिन्यूएबल एनर्जी की कल्पना ऐसे समय में की थी, जब इस सेक्टर में इंटरनेशनल प्लेयर्स का दबदबा था. 2003 में सुजलॉन को 24 टर्बाइनों की आपूर्ति के लिए डैनमार एंड एसोसिएट्स से अपना पहला ऑर्डर मिला था. सुजलॉन एनर्जी पुणे बेस्ड इंडियन मल्टीनेशनल विंड टर्बाइन मैन्युफैक्चरर है. 2001 में तांती ने अपना कपड़ा व्यवसाय को बेच दिया. पिछले साल अहमदाबाद से पुणे जाते समय तांती को कार्डियक अरेस्ट आया था, जिससे उनका निधन हो गया था.
टैग्स