होम / बिजनेस / अब इस एग्रीटेक स्टार्टअप पर आया Shilpa Shetty का दिल, लगा डाला पैसा
अब इस एग्रीटेक स्टार्टअप पर आया Shilpa Shetty का दिल, लगा डाला पैसा
शिल्पा शेट्टी खासतौर पर फिटनेस से जुड़े स्टार्टअप्स में निवेश को लेकर ज्यादा उत्साहित रहती हैं. हाल ही में उन्होंने अपना फिटनेस और हेल्थ ऐप भी लॉन्च किया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी कुंद्रा (Shilpa Shetty Kundra) ने मुंबई बेस्ड एक एग्रीटेक स्टार्टअप में पैसा लगाया है. शिल्पा Kisankonnect के कांसेप्ट से इतनी प्रभावित हुईं कि इसमें इन्वेस्ट करने से खुद को नहीं रोक सकीं. वैसे, शिल्पा और भी कई कंपनियों में निवेश कर चुकी हैं. वह खासतौर पर फिटनेस से जुड़े स्टार्टअप्स में निवेश को लेकर ज्यादा उत्साहित रहती हैं. हाल ही में उन्होंने अपना फिटनेस और हेल्थ ऐप Simple Soulful भी लॉन्च किया था.
दूसरों से अलग है Kisankonnect
Kisankonnect की शुरुआत 2020 में हुई थी और महज थोड़े से समय में ही इसने अपने अनूठे दृष्टिकोण के साथ एग्रीकल्चर ई-कॉमर्स क्षेत्र में अलग पहचान बना ली है. 5,000 सदस्यों और गांवों में स्थित कलेक्शन सेंटर्स के नेटवर्क के माध्यम से संचालित Kisankonnect सीधे किसानों से कृषि उपज लेता है. इसके बाद सुविधा और गुणवत्ता पर ध्यान देने के साथ, किसानकनेक्ट इन उत्पादों को मुंबई और पुणे में उपभोक्ताओं तक पहुंचाता है. Kisankonnect को जो बिग-बास्केट और Otipy जैसी कंपनियों से अलग बनाता है, वो है इसकी उन्नत तापमान-नियंत्रित आपूर्ति श्रृंखला और तकनीक-सक्षम संचालन. इससे उसे कृषि ई-कॉमर्स स्पेस में प्रतिस्पर्धा में बढ़त मिलती है.
शिल्पा का ऐप है Simple Soulful
शिल्पा शेट्टी अपनी फिटनेस पर काफी ध्यान देती हैं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करती हैं. अपने Simple Soulful ऐप के बारे में BW Businessworld से बातचीत में उन्होंने बताया था कि उन्हें इस ऐप का आईडिया क्यों और कैसे आया. शिल्पा ने कहा था - अधिकांश योग ऐप और चैनल गैर-भारतीयों द्वारा चलाए जा रहे हैं और प्राउड इंडियन होने के नाते मुझे यह अजीब लगा. जब मैंने पाया कि लोग अपनी व्यक्तिगत फिटनेस यात्रा में आगे बढ़ने के लिए मेरी तरफ देखते हैं, तो मैंने अपना YouTube चैनल शुरू करने का सोचा और वहीं से सिंपल सोलफुल ऐप का विचार मन में आया. यह पहला अखिल भारतीय योग ऐप बन गया - लोगों के फिटनेस लक्ष्यों के लिए वन-स्टॉप शॉप की तरह.
ये है शिल्पा का बिजनेस पोर्टफोलियो
शिल्पा शेट्टी का Simple Soulful ऐप एक होलिस्टिक हेल्थ ऐप है जो योग, फिटनेस, डांस, मैडिटेशन और डाइट प्रोग्राम के साथ ऐसे समाधान प्रदान करता है, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा डिजाइन किया गया है. शिल्पा ने कहा कि उन्होंने होलिस्टिक हेल्थ के बारे में जागरुकता फैलाने और सभी को स्वस्थ जीवन शैली जीने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए यह ऐप शुरू किया है. इसमें 70+ लक्ष्य-आधारित प्रोग्राम हैं, जिनमें मोटापा कम करने, मधुमेह को नियंत्रित करने और प्रतिरक्षा को बढ़ावा देने के प्रोग्राम शामिल हैं. मासिक धर्म के दर्द से राहत से लेकर गर्भावस्था के बाद वजन घटाने जैसे महिलाओं पर केंद्रित प्रोग्राम भी हैं. बता दें कि शिल्पा शेट्टी के बिजनेस पोर्टफोलियो में Simple Soulful App, Fast & Up और रेस्टोरेंट चेन Bastian जैसे ब्रैंड शामिल हैं.
टैग्स