होम / बिजनेस / सेबी ने बदले ब्लॉक डील के नियम: अब न्यूनतम ऑर्डर साइज ₹25 करोड़, दो नई ट्रेडिंग विंडो लागू
सेबी ने बदले ब्लॉक डील के नियम: अब न्यूनतम ऑर्डर साइज ₹25 करोड़, दो नई ट्रेडिंग विंडो लागू
SEBI का यह निर्णय शेयर बाजार में बड़े निवेशकों के लिए ट्रेडिंग को अधिक संरचित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 8 months ago
शेयर बाजार के नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने ब्लॉक डील से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब ब्लॉक डील्स के लिए न्यूनतम ऑर्डर साइज ₹25 करोड़ कर दिया गया है और ट्रेडिंग के लिए दो नई समय-सीमित विंडो भी तय की गई हैं. ये बदलाव वर्किंग ग्रुप और SMAC की सिफारिशों के आधार पर किए गए हैं और अगले 60 दिनों के भीतर लागू होंगे.
दो नई विंडो: सुबह और दोपहर
ब्लॉक डील्स अब दो सत्रों में की जा सकेंगी. पहली सुबह की विंडो, सुबह 8:45 बजे से 9:00 बजे तक. इस दौरान ऑर्डर पिछले दिन की क्लोजिंग प्राइस पर आधारित होंगे. दूसरी दोपहर की विंडो, दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक. इसमें ऑर्डर 1:45 से 2:00 बजे के VWAP (वॉल्यूम वेटेड एवरेज प्राइस) के आधार पर तय होंगे. दोनों विंडो में दिए जाने वाले ऑर्डर की कीमत ±3% के दायरे में ही होनी चाहिए.
डिलीवरी आधारित ट्रेडिंग अनिवार्य
सेबी ने यह भी स्पष्ट किया है कि ब्लॉक डील्स में केवल डिलीवरी आधारित ट्रेडिंग की अनुमति होगी. इसमें स्क्वायर-ऑफ या रिवर्सल ट्रेड्स की अनुमति नहीं दी जाएगी. साथ ही वैकल्पिक T+0 सेटलमेंट पर भी यह नियम लागू होगा.
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए रिपोर्टिंग सख्त
एक्सचेंजों को प्रत्येक ब्लॉक डील के बाद बाजार बंद होने पर निम्न जानकारी सार्वजनिक करनी होगी:
1. शेयर का नाम
2. ग्राहक का नाम
3. ट्रेडिंग कीमत
4. कुल ट्रेड की मात्रा
मार्केट इन्फ्रास्ट्रक्चर संस्थाओं को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि सभी ब्लॉक डील्स नियमों के तहत और सुरक्षित ढंग से हों.
कब से लागू होंगे नए नियम?
सेबी ने बताया कि ये सभी नियम इस सर्कुलर के जारी होने की तारीख से 60 दिनों के भीतर प्रभावी होंगे. यह कदम बाजार में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है.
टैग्स