होम / बिजनेस / #UPGISWithBW: सिंधिया बोले प्रदेश का हुआ कायाकल्प, कभी होते थे 2 एयरपोर्ट, आज हो गए 9
#UPGISWithBW: सिंधिया बोले प्रदेश का हुआ कायाकल्प, कभी होते थे 2 एयरपोर्ट, आज हो गए 9
इंडस्ट्री मंत्री नंद गोपाल नंदी ने दुनियाभर से आये सिविल एविएशन सेक्टर के निवेशकों को यूपी में निवेश के लिए किया आमंत्रित किया और कहा इससे बेहतर राज्य हो नहीं सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
ग्लोबल इंवेस्टर समिट में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी शिरकत की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी और मथुरा की इस भूमि ने हमेशा से भारत को नई राह दिखाई है. उत्तर प्रदेश भारत के विकास में हरदम प्राथमिकता रखता था और रखता रहेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का कायाकल्प हो चुका है. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने ग्लोबल इंवेस्टर समिट में ‘दी इमर्जिंग ऑपर्च्युनिटीज' विषय पर विशेष सत्र को सम्बोधित किया. इस दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास व एनआरआई मंत्री नंद गोपाल नंदी भी मौजूद रहे.
यूपी 21 एयरपोर्ट वाला स्टेट बनने जा रहा है
सिविल एविएशन के निवेशकों को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने यूपी को निवेश के लिए सबसे अनुकूल स्थान बताया. उन्होंने कहा कि 6 साल में यूपी में जिस तरह से कार्य हुआ उसने सभी को चौंका दिया है. रोड कनेक्टिविटी की बात हो या सिविल एविएशन की, यूपी ने हर क्षेत्र में ऊंची छलांग लगाई है. जिस प्रदेश में कभी मात्र 2 एयरपोर्ट हुआ करते थे, वहां आज वह 9 हवाईअड्डे एक्टिव हो गए हैं. सिंधिया ने कहा कि 10 नए एयरपोर्ट बन रहे हैं, इसके अलावा 2 एयरपोर्ट के लिए जमीन देखने का काम शुरू हो गया है. आने वाले समय में उत्तर प्रदेश 21 एयरपोर्ट वाला प्रदेश बनने जा रहा है. इस तरह उत्तर प्रदेश सिविल एविएशन के सेक्टर में निवेश के लिए सर्वाधिक पसंदीदा स्थल बन जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के एयरलाइंस सेक्टर सभी के लिए सुलभ हो गया है.
करोड़ों लोगों का सपना होगा पूरा
ग्लोबल इंवेस्टर समिट के इस सत्र में राज्य के इंडस्ट्री मंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में 16 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होंगे. करोड़ों लोगों का आकाश में उड़ने का सपना साकार हुआ है. सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीडियो सन्देश भी प्रसारित किया गया. उन्होंने निवेशक बंधुओं को संबोधित करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश 6 वर्ष में गुड गवर्नेंस की सबसे बड़ी मिसाल है. प्रधानमंत्री के रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मूल मंत्र का अनुसरण करते हुए यूपी आज इज ऑफ डूइंग के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है. यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर भी अग्रसर है. यूपी भारत के ग्रोथ को गति देने के लिए तैयार है. आइये नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में आपका स्वागत है.
तीन एमओयू पर भी हुए साइन
ग्लोबल इंवेस्टर समिट के सत्र के दौरान तीन एमओयू का आदान प्रदान हुआ. इस मौके पर अपर मुख्य सचिव नागरिक उड्डयन एसपी गोयल, वाई आई ए पी एल के चेयरमैन डेनियल ब्रिचर, एयर इंडिया एक्सप्रेस के सीईओ आलोक सिंह, बेल्जियम के पूर्व उप प्रधानमंत्री व यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक के वाइस प्रेसिडेंट और यूरोपियन पार्लियामेंट के सदस्य क्रिस पीटर, सीएपीए इंडिया के सीईओ कपिल कौल, अकासा एयर की हेड ऑफ ऑपरेशन नीलू खत्री ने भी अपनी बातें कही. वीडियो प्रजेंटेशन के माध्यम से उत्तर प्रदेश में सिविल एविएशन के क्षेत्र की असीम संभावनाओं से निवेशकों को परिचित कराया गया.
टैग्स