होम / बिजनेस / Zee को दिसंबर तिमाही में लगा तगड़ा झटका, इतना घट गया प्रॉफिट
Zee को दिसंबर तिमाही में लगा तगड़ा झटका, इतना घट गया प्रॉफिट
लागत बढ़ने के चलते जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइज लिमिटेड के मुनाफे में कमी आई है. दिसंबर तिमाही में कंपनी को नुकसान उठाना पड़ा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
Zee Entertainment Q3 Results: जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइज (ZEE) लिमिटेड को मुनाफे के मोर्चे पर नुकसान उठाना पड़ा है. कंपनी का कंसॉसिडेडेट नेट प्रॉफिट मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 91.86 प्रतिशत घटकर 24.32 करोड़ रुपए पर आ गया. कंपनी का कहना है कि लागत बढ़ने और उसके OTT (ओवर द टॉप) प्लेटफॉर्म में निवेश की वजह से दिसंबर तिमाही में मुनाफा प्रभावित हुआ है.
आमदनी भी रही सपाट
Zee Entertainment ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया है कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में उसने 298.98 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट कमाया था. इस लिहाज से देखें तो Zee को दिसंबर तिमाही में बड़ा झटका लगा है. कंपनी की कारोबार से आमदनी दिसंबर तिमाही में लगभग सपाट रही और पिछले साल के मुकाबले 0.1 फीसदी घटकर 2,111 करोड़ पर आ गई. इतना ही नहीं, कंपनी का एडवर्टाइजिंग रिवेन्यु भी दिसंबर तिमाही में घटकर 1063 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,261 करोड़ था.
कंपनी ने बताया कारण
कंपनी ने बताया कि Zee Learn के इनसॉल्वेंसी केस के लिए प्रावधान और सिटी नेटवर्क्स के लिए रिसिवेबल्स एवं रिटेंशन प्लान के तहत एक-मुश्त बोनस के ऐलान जैसे कुछ अपवादों के चलते दिसंबर तिमाही में उसका मुनाफा कम हुआ है. Zee Entertainment के मुताबिक, इस तिमाही में उसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) करीब 27.5 फीसदी घटकर 343.8 करोड़ रुपए रहा, जो एक साल पहले 479 करोड़ था. इसके अलावा, कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन भी गिरकर 16.3 फीसदी पर आ गया. एक साल पहले इसी तिमाही में यह 22.7 फीसदी था.
स्टॉक मार्केट में प्रदर्शन
शेयर बाजार में कंपनी के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो मंगलवार उसके लिए अच्छा नहीं गया. इस दिन ये शेयर 0.82% की गिरावट के साथ 216.55 रुपए पर बंद हुआ. जबकि पिछले 5 दिनों में यह 2.54% लुढ़का है. यह आंकड़ा एक महीने में 5.70% और छह महीने में 8.94% रहा है. Zee Entertainment का 52 वीक का हाई लेवल 308.70 रुपए है, यानी ये इससे अभी काफी पीछे चल रहा है.
टैग्स