होम / बिजनेस / जिस BPCL को बेचने को बेकरार थी सरकार, उसने की रिकॉर्ड तोड़ कमाई
जिस BPCL को बेचने को बेकरार थी सरकार, उसने की रिकॉर्ड तोड़ कमाई
BPCL का कहना है कि इस वित्त वर्ष अप्रैल-सितंबर की अवधि में उसने रिकॉर्ड तोड़ 18,887.85 करोड़ रुपए की कमाई की है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
कुछ वक्त पहले तक मोदी सरकार (Modi Government) सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी BPCL को निजी हाथों में सौंपने को बेकरार थी. भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के विनिवेश या डिसइन्वेस्टमेंट (Disinvestment) की प्रक्रिया जोरशोर से आगे बढ़ रही थी. हालांकि, फिर सरकार ने अपना मन बदल लिया. कंपनी के विनिवेश से जुड़ी सभी गतिविधियों को बंद कर दिया गया. अब उसी BPCL ने घाटे से उबरकर 8,243.55 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हासिल करने की सूचना दी है. BPCL जुलाई-सितंबर, 2023 की अवधि में फिर से लाभ की स्थिति में आ गई है.
इस तरह सुधरा मार्जिन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) को पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 338.49 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. जबकि इस बार की तिमाही में वह प्रॉफिट में लौट आई है. दरअसल, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव न होने से कंपनी को अपना मार्जिन सुधारने में मदद मिली. जिससे BPCL फिर से लाभ की स्थिति में पहुंच गई. चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में रिफाइनिंग और विपणन कारोबार से कंपनी की कर-पूर्व आय (Income Before Tax) 11,283.29 करोड़ रुपए रही है.
बाजार बिक्री में तेजी
वित्त वर्ष 23-24 की दूसरी तिमाही में कंपनी स्टैंडअलोन EBITDA 13,679.21 करोड़ रहा. वहीं पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA 1,991.41 करोड़ रुपए था. इसके अलावा BPCL की इस तिमाही में बाजार में बिक्री 12.19 मिलियन टन रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 11.44 मिलियन टन थी. इसका मतलब है कि दूसरी तिमाही में कंपनी की बिक्री 6.56% बढ़ी है. BPCL का कहना है कि इस वित्त वर्ष अप्रैल-सितंबर की अवधि में उसने रिकॉर्ड तोड़ 18,887.85 करोड़ रुपए की कमाई की है. जबकि पिछले साल की इसी छमाही में उसे 6,486.43 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था.
नए पेट्रोल पंप खोले
BPCL के अनुसार, उसने वित्त वर्ष 23-24 की पहली छमाही के दौरान औसत इथेनॉल मिश्रण का अपना अब तक का उच्चतम स्तर 11.98 प्रतिशत भी हासिल कर लिया है. पहली छमाही में कंपनी ने 300 नए पेट्रोल पंप खोले हैं, जिससे इनकी कुल संख्या अब 21,331 हो गई है. साथ ही कंपनी ने 44 CNG स्टेशन भी खोले हैं. बता दें कि जब सरकार BPCL में अपनी हिस्सेदारी बेचने की कोशिश में लगी थी, तब अनिल अग्रवाल की कंपनी वेदांता (Vedanta), अपोलो ग्लोबल (Apollo Global) और आई स्क्वायर्ड कैपिटल एडवाइजर्स (I Squared Capital) ने इसमें दिलचस्पी दिखाई थी. सरकार कंपनी में अपनी 53 फीसदी हिस्सेदारी बेचना चाहती थी. हालांकि, बाद में ये कंपनियां पीछे हट गईं.
टैग्स