होम / बिजनेस / Adani Group की इन दो कंपनियों को लेकर NSE ने अब उठाया ये कदम
Adani Group की इन दो कंपनियों को लेकर NSE ने अब उठाया ये कदम
अडानी समूह हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के प्रभाव से निकलने की कोशिश कर रहा है. रिपोर्ट ने ग्रुप को बड़ा नुकसान पहुंचाया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद से अडानी समूह (Adani Group) लगातार खबरों में बना हुआ है. अब नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) से अडानी ग्रुप को लेकर खबर आई है. मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि NSE ने समूह की दो कंपनियों की सर्किट लिमिट में संशोधन किया है. बता दें कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद से ही अडानी समूह की लिस्टेड कंपनियों के शेयर लगातार गिर रहे हैं. कुछ में कई बार लोअर सर्किट लग चुका है.
प्राइज बैंड में भी बदलाव
NSE ने अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और अडानी ट्रांसमिशन लिमिटेड की सर्किट लिमिट को संशोधित कर अब 5% कर दिया है. एनएसई ने पिछले हफ्ते दोनों कंपनियों के प्राइज बैंड में भी संशोधन किया था. NSE ने इसे 20% से 10% कर दिया था. पिछले कारोबारी सत्र यानी सोमवार को भी अडानी समूह की ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा. समूह की सभी कंपनियों का सम्मिलित रूप से बाजार पूंजीकरण नौ कारोबारी दिनों में करीब 9.5 लाख करोड़ रुपए कम हो चुका है.
निवेशकों की धारणा प्रभावित
अमेरिका की 'शॉर्ट सेलर' फर्म हिंडनबर्ग ने अडानी समूह पर धोखाधड़ी वाले लेनदेन और शेयर की कीमतों में हेरफेर का आरोप लगाया गया है. उसके बाद से समूह की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आ रही है. एक्सपर्ट का कहना है कि हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट ने अडानी समूह को लेकर निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है, जिससे समूह की कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट आ रही है. सोमवार को कारोबार बंद होने पर अडानी समूह की दस में से छह कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे. अडानी ट्रांसमिशन का शेयर 10% टूट गया जबकि अडानी टोटल गैस, अडानी पावर, अडानी ग्रीन एनर्जी और अडानी विल्मर में 5-5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
समूह ने उठाया ये बड़ा कदम
अडानी ग्रुप शेयर बाजार में अपनी लिस्टेड कंपनियों के 1114 मिलियन यूएस डॉलर (करीब 111 करोड़) के गिरवी पड़े शेयर सितंबर 2024 से पहले रिलीज करा लेगा. ग्रुप की तरफ से सोमवार को जारी बयान में कहा गया कि हाल में बाजार में आए उतार-चढ़ाव और अडानी की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में प्रमोटर के लीवरेज में कटौती की प्रमोटर्स की प्रतिबद्धता के तहत ऐसा किया गया है. 1.114 अरब डॉलर के समय से पहले भुगतान के साथ, अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) में प्रमोटर्स की होल्डिंग के लगभग 16.8 करोड़ शेयर (12% स्टेक), अडानी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) में 2.756 करोड़ शेयर (3%) और अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) में 1.177 करोड़ शेयर (1.4%) रिलीज कराए जाएंगे.
टैग्स