होम / बिजनेस / दिल्ली में बारिश के बाद बदले मौसम का असर, अब 13 नवंबर से नहीं लगेगा ऑड-ईवन
दिल्ली में बारिश के बाद बदले मौसम का असर, अब 13 नवंबर से नहीं लगेगा ऑड-ईवन
वहीं सुप्रीम कोर्ट ने आज इस मामले पर सुनवाई करते हुए एक बार फिर कहा है कि अस्थायी समाधानों के भरोसे नहीं बैठा जा सकता है, प्रदूषण की समस्या के लिए स्थाई समाधान की जरूरत है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
दिल्ली में दिवाली के एक दिन बाद से शुरु होने वाले ऑड-ईवन को अब नहीं लगाया जाएगा. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने देर रात से हुई बारिश के बाद बदली स्थिति के बाद अब ये बात कही है. उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी और हवा में प्रदूषण की स्थिति और ज्यादा होती है तो फिर लगाने पर विचार किया जाएगा. लेकिन अब सोमवार से दिल्ली में ऑड-ईवन नहीं लगाया जाएगा.
13-20 नवंबर के बीच होना था ऑड-ईवन
इससे पहले दिल्ली में खराब प्रदूषण के कारण दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि 13 नवंबर से ऑड-ईवन की शुरुआत होगी और ये 20 नवंबर तक चलेगा. लेकिन दिल्ली एनसीआर में देर रात से हुई बारिश के बाद प्रदूषण का स्तर काफी कम हो गया है. जो एयर क्वॉलिटी 450 तक पहुंच गई थी वो आज 180 के पास पहुंच गई है. इसके बाद सरकार ने ये निर्णय लिया है. सरकार ने कहा है कि आने वाले दिनों में ऑड-ईवन लगाना है या नहीं, ये दिवाली के बाद होने वाली समीक्षा बैठक में लिया जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में क्या हुआ?
वहीं दूसरी ओर प्रदूषण को लेकर आज एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि अस्थाई समाधानों से कुछ नहीं होगा इसके लिए स्थाई समाधान की तलाश करनी होगी. सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार को फटकार लगाते हुए ये भी कहा कि आखिर हर साल तभी एक्शन क्यों होता है जब हम दखल देते हैं. उन्होंने दिल्ली सरकार को चेताते हुए कहा कि हम नतीजे देखना चाहते हैं. जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की बेंच ने सुनवाई के दौरान सरकार से पूछा कि आखिर 6 साल से आप क्या कर रहे थे. शायद भगवान ने दिल्ली के लोगों की प्रार्थनाएं सुन लीं. इसलिए गुरुवार (9 नवंबर) रात में बारिश हो गई.
दिल्ली में कम हो गया प्रदूषण
दिल्ली में बीते एक हफ्ते से लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण सांस लेना दूभर हो रहा था. इसी समस्या को दूर करने के लिए कृत्रिम बारिश कराने की बात हो रही थी. दिल्ली सरकार इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट से अनुमति लेने वाली है. लेकिन रात को हुई बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई काफी कम हो गया. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, 10 नवंबर को सुबह 9:30 बजे दिल्ली के मुंडका में AQI 353, IGI एयरपोर्ट में 331, ITO बस स्टैंड में 397, जहांगीरपुरी में 395 और लोधी रोड में 345 रिकॉर्ड किया गया. बारिश होने से धुंध भी छंट गई.
टैग्स