होम / बिजनेस / इस देश की Scotch Whisky पर फिदा हुए भारतीय, मंगा डालीं इतनी बोतलें
इस देश की Scotch Whisky पर फिदा हुए भारतीय, मंगा डालीं इतनी बोतलें
स्कॉच व्हिस्की संगठन (SWA) की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, ब्रिटेन की स्कॉच व्हिस्की का भारत में आयात बढ़ रहा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
भारत में विदेशी मदिरा का सेवन करने वालों की तादाद तेजी से बढ़ती जा रही है और भारतीयों को ब्रिटेन की स्कॉच व्हिस्की का स्वाद काफी पसंद आ रहा है. यही वजह है कि फ्रांस को पछाड़ते हुए भारत ब्रिटेन की स्कॉच व्हिस्की का सबसे बड़ा बाजार बन गया है. आंकड़े बताते हैं कि भारत का वर्ष 2022 में ब्रिटेन से स्कॉच व्हिस्की का आयात 60 प्रतिशत बढ़ गया था.
लगातार बढ़ रहा बाजार
स्कॉच व्हिस्की संगठन (SWA) की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, ब्रिटेन की स्कॉच व्हिस्की का भारत में आयात बढ़ रहा है. 2021 के मुकाबले 2022 में इसमें 60 प्रतिशत ज्यादा की वृद्धि हुई है और उसने इस मामले में फ्रांस को भी पीछे छोड़ दिया है. भारत ने पिछले साल स्कॉच की 700 मिली वाली 21 करोड़ 90 लाख बोतल आयात कीं, जबकि फ्रांस ने 20 करोड़ पांच लाख बोतल मंगवाईं. यदि पिछले एक दशक की बात करें, तो भारत के स्कॉच बाजार में 200 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.
2 फीसदी हिस्सेदारी
हालांकि, इसके बावजूद स्कॉच व्हिस्की की भारत के पूरे व्हिस्की बाजार में सिर्फ दो प्रतिशत की ही हिस्सेदारी है. स्कॉच व्हिस्की संगठन के अनुसार, यूरोपीय देशों से स्कॉच व्हिस्की के निर्यात में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है. इस दौरान पूरी दुनिया को 6.2 अरब पाउंड की व्हिस्की का निर्यात किया गया. ब्रिटेन से सबसे ज्यादा स्कॉच व्हिस्की अमेरिका भेजी गई. स्कॉटलैंड से अमेरिका को 105.3 करोड़ डॉलर की व्हिस्की एक्सपोर्ट की गई. जबकि भारत को 28.2 करोड़ पाउंड की व्हिस्की भेजी गई.
FTA से मिलेगा फायदा
बता दें कि भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट यानी FTA को लेकर बातचीत चल रही है और व्हिस्की का आयात एक अहम मुद्दा है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभी भारत में स्कॉच व्हिस्की के आयात पर 150 प्रतिशत टैरिफ लगता है. यदि ये डील फाइनल होती है, तो इसका सबसे ज्यादा फायदा ब्रिटेन की व्हिस्की कंपनियों को मिलेगा. स्कॉच व्हिस्की संगठन का मानना है कि FTA से उन्हें अगले पांच सालों में एक अरब पाउंड की अतिरिक्त ग्रोथ मिल सकती है.
टैग्स