होम / बिजनेस / वैश्विक दबाव और FII बिकवाली से बाजार धड़ाम, आज किन शेयरों पर रहेगी नजर?
वैश्विक दबाव और FII बिकवाली से बाजार धड़ाम, आज किन शेयरों पर रहेगी नजर?
शुक्रवार को BSE का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 961.42 अंक गिरकर 81,287.19 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, NSE निफ्टी 317.90 अंक गिरावट के साथ 25,178.65 पर बंद हुआ.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 months ago
घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को आई भारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी. कमजोर वैश्विक संकेत, पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में बाजार टूटकर बंद हुआ. वहीं, एशियाई बाजारों में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले ट्रेडिंग सेशन सोमवार यानी 2 मार्च को गिरावट में खुल सकते हैं. गिफ्ट निफ्टी फ्यूचर्स सुबह 8:10 बजे 124 अंक की गिरावट लेकर 25,161 पर था. यह बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 के गिरावट में खुलने का संकेत देता है. हालांकि, तकनीकी संकेतकों के आधार पर कुछ शेयरों में मजबूत खरीदारी के संकेत मिल रहे हैं, जिन पर आज निवेशकों की नजर रह सकती है. तो आइए इनके बारे में जानते हैं.
सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार गिरावट
शुक्रवार को बॉम्बे शेयर बाजार (BSE) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 961.42 अंक यानी 1.17 फीसदी गिरकर 81,287.19 के स्तर पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह एक समय 1,089 अंक से ज्यादा टूट गया था. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 317.90 अंक यानी 1.25 फीसदी की गिरावट के साथ 25,178.65 पर बंद हुआ. निफ्टी 25,200 के अहम स्तर के नीचे फिसल गया, जो बाजार की कमजोरी को दर्शाता है.
किन दिग्गज शेयरों में रही सबसे ज्यादा कमजोरी
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में Sun Pharma, Bharti Airtel, Bajaj Finserv, InterGlobe Aviation, Mahindra & Mahindra और Maruti Suzuki के शेयरों में प्रमुख गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, आईटी सेक्टर में कुछ राहत देखने को मिली. HCL Technologies और Infosys समेत कुछ शेयर बढ़त के साथ बंद हुए.
आज इन शेयरों में दिख रही मजबूत खरीदारी
तकनीकी विश्लेषण के अनुसार कुछ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी का रुझान बना हुआ है. इनमें Tejas Networks और Foseco India प्रमुख हैं. इसके अलावा Xtglobal Infotech, Sarda Energy & Minerals, VL E-Governance & IT Solutions और Avadh Sugar & Energy जैसे शेयरों ने अपना 52 हफ्तों का उच्च स्तर पार किया है. यह इन काउंटरों में निवेशकों की मजबूत रुचि का संकेत माना जा रहा है.
इन स्टॉक्स में मंदी के संकेत
तकनीकी संकेतक एमएसीडी के आधार पर कुछ शेयरों में कमजोरी के संकेत मिले हैं. Adani Enterprises, Maruti Suzuki और Bharti Airtel समेत कई शेयरों में मंदी का ट्रेंड बनता दिख रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि इन शेयरों में फिलहाल सतर्कता बरतने की जरूरत है, क्योंकि निकट अवधि में दबाव बना रह सकता है.
विश्लेषकों के अनुसार बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में निवेशकों को गुणवत्ता वाले शेयरों में चरणबद्ध तरीके से निवेश की रणनीति अपनानी चाहिए. वैश्विक घटनाक्रम और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां निकट भविष्य में बाजार की दिशा तय करेंगी.
इन पर भी रखें नजर
आज के ट्रेडिंग सत्र में कई प्रमुख शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी. GAIL India में 1 मार्च से नेतृत्व परिवर्तन हुआ है, जहां दीपक गुप्ता ने चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर का पद संभाला है, जिससे कंपनी की भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा तेज है. वहीं Bharti Airtel ने भारत में सुरक्षित और उन्नत मैसेजिंग अनुभव देने के लिए गूगल के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत रिच कम्युनिकेशन सर्विसेज (RCS) और स्पैम फिल्टरिंग तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे ग्राहकों को बेहतर सेवा और डिजिटल फ्रॉड से सुरक्षा मिलेगी. Bharat Electronics ने वित्त वर्ष 2026 के लिए प्रति शेयर 1.95 रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया है, जो निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है. इसके अलावा Eleganz Interiors को 122.02 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है, जिसके तहत कंपनी इंटीरियर फिट-आउट कार्यों की सप्लाई, इंस्टॉलेशन और हैंडओवर करेगी, जिससे उसके राजस्व और कारोबार में वृद्धि की संभावना है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स