होम / बिजनेस / दिसंबर में मैन्युफैक्चरिंग की रफ्तार धीमी, PMI 55.0 पर फिसला
दिसंबर में मैन्युफैक्चरिंग की रफ्तार धीमी, PMI 55.0 पर फिसला
दिसंबर में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की रफ्तार कुछ धीमी जरूर पड़ी, लेकिन PMI का 50 से ऊपर बना रहना यह संकेत देता है कि उद्योग में विस्तार और मांग का आधार अब भी मजबूत है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 4 months ago
भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में दिसंबर के महीने में विस्तार तो जारी रहा, लेकिन इसकी रफ्तार नवंबर के मुकाबले कुछ धीमी हो गई. HSBC मैन्युफैक्चरिंग परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) नवंबर के 56.6 से घटकर दिसंबर में 55.0 पर आ गया. यह आंकड़े एसएंडपी ग्लोबल द्वारा जारी किए गए हैं. हालांकि PMI में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यह अब भी 50 के मजबूत स्तर से काफी ऊपर बना हुआ है. पीएमआई का 50 से ऊपर रहना मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में विस्तार को दर्शाता है, जबकि 50 से नीचे का स्तर संकुचन का संकेत देता है. 50 का स्तर किसी बदलाव न होने की स्थिति को दर्शाता है.
नए ऑर्डर्स से सेक्टर को मिला सहारा
एसएंडपी ग्लोबल मार्केट इंटेलिजेंस में इकनॉमिक्स एसोसिएट डायरेक्टर पोलियाना डी लीमा ने कहा कि भले ही वृद्धि की गति कुछ कमजोर हुई हो, लेकिन भारत का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर साल 2025 का समापन मजबूत स्थिति में कर रहा है. उन्होंने कहा कि नए ऑर्डर्स में तेज बढ़ोतरी से कंपनियां आने वाली तिमाही में व्यस्त रहेंगी और महंगाई का सीमित दबाव मांग को सहारा देता रह सकता है.
कंपोजिट फ्लैश PMI भी फिसला
HSBC फ्लैश इंडिया कंपोजिट आउटपुट इंडेक्स दिसंबर में 59.7 से घटकर 58.9 पर आ गया. यह फरवरी के बाद संयुक्त गतिविधियों में सबसे धीमी वृद्धि दर मानी जा रही है. यह इंडेक्स मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर दोनों के संयुक्त प्रदर्शन को मापता है.
मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस दोनों में सुस्ती
सीजनली एडजस्टेड यह इंडेक्स दोनों सेक्टरों के संयुक्त उत्पादन में हर महीने होने वाले बदलाव को दर्शाता है. रिपोर्ट के अनुसार दिसंबर में मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर दोनों में कारोबारी गतिविधियों की रफ्तार कुछ सुस्त रही, जिससे कुल आर्थिक विस्तार की गति पर असर पड़ा.
विशेषज्ञों का मानना है कि हालांकि अल्पकालिक तौर पर रफ्तार में नरमी दिख रही है, लेकिन मजबूत ऑर्डर बुक, स्थिर मांग और सीमित लागत दबाव के चलते भारतीय मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की मध्यम अवधि की संभावनाएं सकारात्मक बनी हुई हैं.
टैग्स