होम / बिजनेस / 'अच्छे दिन' लौटते ही पोर्टफोलियो से Hotel Business को अलग करने में जुटी ITC!
'अच्छे दिन' लौटते ही पोर्टफोलियो से Hotel Business को अलग करने में जुटी ITC!
साल 2019 की रिपोर्ट में ITC की तरफ से कहा गया था कि वह होटल बिजनेस के लिए अल्टरनेटिव स्ट्रक्चर बनाने पर काम कर रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
होटल कारोबार में ITC बड़ा नाम है. कोरोना महामारी और फिर श्रीलंकाई संकट के चलते इस कंपनी को काफी नुकसान उठाना पड़ा था. हालांकि, अब हालात काफी हद तक बदल गए हैं. कोरोना का प्रभाव लगभग खत्म हो गया और पड़ोसी श्रीलंका में भी हालात सामान्य हैं. ऐसे में टूर एंड ट्रेवल इंडस्ट्री का कामकाज पटरी पर लौट आया है. इसके साथ ही ITC के भी 'अच्छे दिन' लौट आए हैं. अब ITC अपने होटल बिजनेस को अलग करने की योजना पर काम कर रही है.
इसलिए टाली थी योजना
ITC होटल कारोबार के साथ-साथ FMCG बिजनेस में भी अपनी अलग पहचान रखती है. कंपनी का कहना है कि कोरोना संकट खत्म होने की वजह से उसका होटल बिजनेस अच्छा चल रहा है और उसके इन्फोटेक डिवीजन का IPO भी समय पर आ जाएगा. एक मीडिया रिपोर्ट में ITC लिमिटेड के चेयरमैन संजीव पुरी के हवाले से बताया गया है कि लंबी अवधि की कामकाजी संभावनाओं को देखते हुए ITC होटल बिजनेस को अलग करने की योजना पर काम कर रही है. बता दें कि ITC की ये प्लानिंग नई नहीं है, 2019 में भी कंपनी ने ऐसे संकेत दिए थे, लेकिन कोरोना के चलते इस योजना को टाल दिया गया.
इस वजह से लिया फैसला
साल 2019 की रिपोर्ट में ITC की तरफ से कहा गया था कि वह होटल बिजनेस के लिए अल्टरनेटिव स्ट्रक्चर बनाने पर काम कर रही है. कोरोना महामारी के दौर में टूर एंड ट्रेवल बिजनेस काफी हद तक ठप्प हो गया था. लिहाजा, कंपनी को अपने इस फैसले को होल्ड करना पड़ा था. अब जब स्थिति सामान्य हो गई है, तो कंपनी ने पुरानी योजना पर काम शुरू कर दिया है. दरअसल, होटल बिजनेस को अलग करने से ITC दूसरे सेक्टर्स पर भी बराबर ध्यान केंद्रित कर पाएगी और विस्तार का खाका तैयार कर पाएगी. इसलिए कंपनी ऐसा करना चाहती है.
12 महीनों में कई होटल शुरू किए
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में ITC के होटल बिजनेस में 101% की वृद्धि आई है और यह 782 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है. कंपनी के होटल बिजनेस का EBITDA (Earnings Before Interest, Taxes, Depreciation, and Amortization) 272 करोड़ रुपए रहा है, जो पिछले वर्ष में 32 करोड़ था. पिछले 12 महीने में ITC ने कई नए होटल शुरू किए हैं. इसके अलावा, आईटीसी ने बाजार में मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट पर भी कई होटल लिए हैं. जिससे उसकी कैपिटल प्रोडक्टिविटी में काफी सुधार हुआ है.
बढ़ रहा FMCG कारोबार
वहीं, कंपनी के FMCG कारोबार की बात करें, तो यह 20000 करोड़ रुपए के पार जा चुका है, जो साल 2017 में 10000 करोड़ रुपए पर था. ITC के चेयरमैन संजीव पुरी का कहना है कि आईटीसी एकमात्र कंपनी है जिसने सिर्फ 6 साल में अपने FMCG बिजनेस को 20000 करोड़ पर पहुंचा दिया है. ITC के FMCG प्रोडक्ट्स की लिस्ट बेहद लंबी है. इसमें Aashirvaad, Sunfeast, Yippee! से लेकर Bingo! तक शामिल हैं. इसके अलावा, कंपनी Gold Flake के नाम से सिगरेट भी बनाती है. इस कारोबार में कंपनी को अच्छा-खासा मुनाफा होता रहा है.
टैग्स