होम / बिजनेस / भारत-न्यूजीलैंड FTA 20 अक्टूबर से लागू, 100% भारतीय निर्यात को मिलेगी शुल्क-मुक्त पहुंच
भारत-न्यूजीलैंड FTA 20 अक्टूबर से लागू, 100% भारतीय निर्यात को मिलेगी शुल्क-मुक्त पहुंच
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड FTA 20 अक्टूबर को दशहरा के दिन प्रभावी होगा. समझौते के तहत न्यूजीलैंड भारतीय उत्पादों के लिए अपने बाजार में शुल्क-मुक्त पहुंच उपलब्ध कराएगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) 20 अक्टूबर 2026 से लागू हो जाएगा. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. इस समझौते के लागू होने के बाद न्यूजीलैंड को होने वाले भारत के 100 फीसदी निर्यात को शुल्क-मुक्त बाजार पहुंच मिलेगी. दोनों देशों ने वस्तुओं और सेवाओं में द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 27 अप्रैल को इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे.
दशहरा के दिन लागू होगा FTA
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड FTA 20 अक्टूबर को दशहरा के दिन प्रभावी होगा. समझौते के तहत न्यूजीलैंड भारतीय उत्पादों के लिए अपने बाजार में शुल्क-मुक्त पहुंच उपलब्ध कराएगा. फिलहाल न्यूजीलैंड सिरेमिक, कालीन, ऑटोमोबाइल और ऑटो कलपुर्जों समेत कई प्रमुख भारतीय उत्पादों पर अधिकतम 10 फीसदी तक आयात शुल्क लगाता है. FTA लागू होने के बाद इन उत्पादों के निर्यातकों को शुल्क में राहत मिलेगी.
न्यूजीलैंड भारत में करेगा 20 अरब डॉलर का निवेश
मुक्त व्यापार समझौते के तहत न्यूजीलैंड ने भारत में अगले 15 वर्षों के दौरान 20 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है. इससे दोनों देशों के बीच व्यापार के साथ-साथ निवेश संबंधों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
भारत और न्यूजीलैंड ने इस FTA पर 27 अप्रैल 2026 को हस्ताक्षर किए थे. समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार को बढ़ाना तथा निवेश के लिए बेहतर अवसर तैयार करना है.
टैग्स