होम / बिजनेस / #UPGISWithBW: निवेशकों को ऐसा भाया UP, गुजरात और मध्यप्रदेश भी छूट गए पीछे
#UPGISWithBW: निवेशकों को ऐसा भाया UP, गुजरात और मध्यप्रदेश भी छूट गए पीछे
हाल ही में आयोजित मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 15 लाख करोड़ रुपए के निवेश करार हुए थे, जबकि यूपी के लिए ये आंकड़ा 32.92 लाख करोड़ रुपए है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
उत्तर प्रदेश ने निवेशकों को काफी ज्यादा आकर्षित किया है. लखनऊ में चल रही यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2023 में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि विभिन्न कंपनियों के साथ राज्य सरकार ने 18 हजार 643 एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनके तहत अब तक 32.92 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. बता दें कि GIS में निवेश प्रस्ताव के मामले में अब यूपी गुजरात और मध्य प्रदेश से आगे निकल गया है.
रोजगार के वादे में भी आगे
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में 32.92 लाख करोड़ के निवेश एमओयू साइन कर यूपी ने वाइब्रेंट गुजरात समिट और हाल ही में मध्य प्रदेश में हुई इन्वेस्टर्स समिट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. रोजगार को लेकर भी यूपी के आंकड़े मध्य प्रदेश से कहीं ज्यादा है. CM योगी का कहना है कि राज्य में 92 लाख को रोजगार मिलेगा. वहीं, MP के CM शिवराज सिंह चौहान ने 29 लाख लोगों को रोजगार देने का दावा किया है.
MP को मिले 15 लाख करोड़
एक रिपोर्ट बताती है कि अब तक की वाइब्रेंट गुजरात समिट में अधिकतम 15 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. हाल ही में आयोजित मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 15 लाख करोड़ रुपए के निवेश करार हुए थे. जबकि राजस्थान में बीते साल अक्टूबर में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में 11 लाख करोड़ रुपए के करार हुए थे और सीएम अशोक गहलोत ने दस लाख लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया था. अब इस लिहाज से देखें तो उत्तर प्रदेश इन सब राज्यों से आगे निकल गया है.
क्या ये तोड़ पाएंगे रिकॉर्ड?
वैसे, यूपी ने केवल इन तीन राज्यों को ही पीछे नहीं छोड़ा है, इस लिस्ट में ओडिशा, पश्चिमी बंगाल और कर्नाटक भी शामिल हैं. ओडिशा में पिछले साल हुई समिट में दस लाख करोड़ के करार हुए थे. इसी तरह, पश्चिमी बंगाल ने 3.42 लाख करोड़ और कर्नाटक ने 9.8 लाख करोड़ के करार की जानकारी दी थी. अब आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होने वाली है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ये दोनों राज्य यूपी का रिकॉर्ड तोड़ पाते हैं?
टैग्स