होम / बिजनेस / मिस्र के साथ व्यापार बढ़ाने की तैयारी, 140 से अधिक CEO के साथ पीयूष गोयल करेंगे निवेश पर चर्चा
मिस्र के साथ व्यापार बढ़ाने की तैयारी, 140 से अधिक CEO के साथ पीयूष गोयल करेंगे निवेश पर चर्चा
दो दिवसीय दौरे में मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और स्वेज नहर आर्थिक क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर होगी चर्चा, अप्रैल-सितंबर 2026 में दोनों देशों के बीच व्यापार 64% बढ़ा
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 7 hours ago
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल रविवार से मिस्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 140 से अधिक CEO और वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधियों वाले भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे. इस दौरे का उद्देश्य भारत और मिस्र के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करना और औद्योगिक सहयोग के नए अवसर तलाशना है.
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरे में मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स और स्वेज नहर आर्थिक क्षेत्र (Suez Canal Economic Zone) में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी. मिस्र की भौगोलिक स्थिति भारतीय कंपनियों को अफ्रीका, मध्य पूर्व और यूरोप के बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर भी देती है.
भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति की होगी बैठक
रविवार को भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति (JTC) के सातवें सत्र की बैठक होगी. इसकी सह-अध्यक्षता पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री मोहम्मद फरीद सालेह करेंगे. बैठक में दोनों देशों के बीच मौजूदा व्यापार और निवेश संबंधों की समीक्षा के साथ व्यापार के दायरे को बढ़ाने और नए क्षेत्रों को शामिल करने पर चर्चा होगी.
इस दौरान बाजार तक पहुंच से जुड़े मुद्दों, गैर-टैरिफ बाधाओं, व्यापार उपायों और कृषि एवं खाद्य उत्पादों पर बातचीत होगी. इसके अलावा फार्मास्यूटिकल्स, हेल्थकेयर, इंजीनियरिंग सामान, केमिकल्स, पेट्रोकेमिकल्स, उर्वरक, टेक्सटाइल, MSME, कस्टम सहयोग, सेवाओं, रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, परिवहन और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों को भी चर्चा में शामिल किया जाएगा.
भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार परिषद (JBC) की बैठक और बिजनेस फोरम में दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रमुख लोग हिस्सा लेंगे. इसके जरिए संयुक्त उद्यम (Joint Ventures), तकनीकी साझेदारी और द्विपक्षीय निवेश को बढ़ावा देने के अवसर तलाशे जाएंगे.
मिस्र के मंत्रियों और कारोबारी संगठनों से भी करेंगे मुलाकात
दौरे के दौरान पीयूष गोयल मिस्र के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. इनमें व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी. वह अफ्रीकन एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक (Afreximbank) और मिस्र जूनियर बिजनेसमैन एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे.
इसके अलावा गोयल मिस्र-भारत स्टार्टअप फोरम में भी हिस्सा लेंगे. मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल, केमिकल्स, इंजीनियरिंग, फूड प्रोसेसिंग, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं.
अप्रैल-सितंबर में द्विपक्षीय व्यापार 64% बढ़ा
भारत और मिस्र के बीच व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आई है. अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान दोनों देशों के बीच वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार 5.04 अरब डॉलर रहा. यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 64 फीसदी अधिक है.
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने मिस्र को 3.87 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि इस दौरान मिस्र से भारत का आयात 2.60 अरब डॉलर रहा. भारत मिस्र को मुख्य रूप से मांस और पोल्ट्री उत्पाद, पेट्रोलियम उत्पाद, ऑर्गेनिक केमिकल्स, कपास और मशीनरी का निर्यात करता है. वहीं, मिस्र से भारत कच्चा पेट्रोलियम, उर्वरक, कपास और खनिज उत्पादों का आयात करता है. दोनों देश व्यापार के मौजूदा दायरे को बढ़ाने और निवेश के नए अवसर विकसित करने पर जोर दे रहे हैं.
टैग्स