होम / बिजनेस / दरक रहा Adani की दौलत का पहाड़, दो साल पहले वाली स्थिति में पहुंचे
दरक रहा Adani की दौलत का पहाड़, दो साल पहले वाली स्थिति में पहुंचे
दो साल पहले गौतम अडानी की कुल संपत्ति 50 अरब डॉलर थी, आज यह उसी के बराबर पहुंच गई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
गौतम अडानी (Gautam Adani) के लिए नया साल अच्छा नहीं रहा है. साल के पहले महीने यानी जनवरी में ही उनके 'बुरे दिन' शुरू हो गए थे, जो अब तक जारी हैं. उनकी अधिकांश कंपनियों के शेयर बाजार में लड़खड़ा रहे हैं. अडानी की पर्सनल वेल्थ भी लगातार घटती जा रही है. अमेरिकी शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग की निगेटिव रिपोर्ट ने अडानी समूह को करारा झटका दिया है और इसी के साथ अडानी दौलत के मामले में 2 साल पहले वाली स्थिति में पहुंच गए हैं. यानी दो साल पहले अडानी जहां थे, आज वो वहीं आ गए हैं.
इस साल इतनी घटी दौलत
दो साल पहले गौतम अडानी की कुल संपत्ति 50 अरब डॉलर थी और सितंबर 2022 में यह आंकड़ा लगभग 150 अरब डॉलर तक पहुंच गया था. लेकिन 2023 की शुरुआत के साथ ही अडानी के लिए सबकुछ बदल गया. इस साल अब तक उनकी संपत्ति करीब 71.5 अरब डॉलर घट गई है. ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में अडानी 49.1 अरब डॉलर के साथ 25वें स्थान पर हैं. यानी वह दो साल पहले वाली स्थिति में पहुंच गए हैं.
सिर से छिन गया ताज
पिछले साल अडानी 150 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ सितंबर में दुनिया के तीसरे सबसे अमीर कारोबारी बन गए थे. भारत और एशिया में उनके जितना कोई अमीर नहीं था, लेकिन 24 जनवरी 2023 को आई हिंडनबर्ग की एक रिपोर्ट ने सबकुछ बदल दिया. अडानी का किला ताश के पत्तों की तरह बिखरने लगा और उनकी दौलत का ग्राफ हर दिन के साथ नीचे आता गया. उस दिन से अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों का गोता लगाने का सिलसिला जो शुरू हुआ, वह अब भी बदस्तूर जारी है.
जारी है गिरावट का दौर
करीब एक महीने में अडानी ग्रुप की कंपनियों की मार्केट वैल्यू 132 अरब डॉलर गिर गई है. अडानी की संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी कंपनियों के शेयर से आता है, इसलिए उनकी संपत्ति में भी बड़ी गिरावट आई है. आज यानी सोमवार को भी अडानी ग्रुप के ज़्यादातर शेयरों में गिरावट का रुख है. Adani Enterprises Ltd खबर लिखे जाने तक 4.63% की नरमी के साथ ट्रेड कर रहा है. इसी के साथ ही अडानी पोर्ट, अडानी टोटल गैस, अडानी विल्मर, अडानी ट्रांसमिशन आदि में गिरावट का दौर है.
टैग्स