होम / बिजनेस / Adani Group का शानदार कमबैक, महज 4 दिन में इस शेयर ने डबल किया पैसा
Adani Group का शानदार कमबैक, महज 4 दिन में इस शेयर ने डबल किया पैसा
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने अडानी समूह को काफी नुकसान पहुंचाया है, लेकिन अब समूह उसके प्रभाव से बाहर आ रहा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
अडानी समूह के खिलाफ आई अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) की रिपोर्ट का बुलबुला फूट गया लगता है. रिपोर्ट के सामने आते ही अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयर जितनी तेजी से नीचे आए थे, अब उतनी ही तेजी से ऊपर जा रहे हैं. अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने जबरदस्त कमबैक किया है. चंद रोज पहले इसके भाव रिकॉर्ड हाई से 75 फीसदी तक टूट गए थे, लेकिन अब तेजी का दौर लौट आया है.
अभी भी डिस्काउंट पर
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट 24 जनवरी को सामने आई थी. तीन फरवरी को अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 1095.70 रुपए पर टूट गया था और आज (बुधवार) यह 2,215.05 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. यानी जिसने इसके निचले लेवल पर दांव लगाया होगा, उसका पैसा चार कारोबारी दिनों (शुक्रवार, सोमवार, मंगलवार और बुधवार) में डबल हो चुका है. आज इस शेयर में 22.86% की तेजी दर्ज की गई है. पिछले साल अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 21 दिसंबर 2022 को 4189.55 रुपए के रिकॉर्ड हाई लेवल पर था. इस लिहाज से देखा जाए तो यह अभी भी डिस्काउंट रेट पर मिल रहा है.
इनमें भी आई तेजी
वहीं, अडानी पोर्ट के शेयर भी आज 9.01% ऊपर चढ़ गए. 3 फरवरी को यह 422 रुपए के आसपास ट्रेड कर रहे थे और आज 600 रुपए का आंकड़ा पार कर चुके हैं. इसी तरह अडानी पावर में निवेश करने वालों को भी राहत मिली है. कंपनी के शेयर में करीब 5 फीसदी की तेजी आई है. अडानी ट्रांसमिशन लिमिटेड के लिए भी बुधवार अच्छा रहा. कंपनी के स्टॉक में 5 फीसदी की तेजी आई और शेयर 1314 रुपए से ऊपर पहुंच गए. अडानी ग्रीन एनर्जी और टोटल गैस के शेयरों को छोड़कर अडानी समूह के सभी शेयर रिकवरी मोड पर हैं.
अडानी की नेटवर्थ में इजाफा
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि वैश्विक रेटिंग एजेंसियों की पॉजिटिव रिपोर्ट और समय से पहले लोन चुकाने की खबरों ने अडानी समूह के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया, जिसके चलते उसकी कंपनियों के शेयर वापस चढ़ रहे हैं. शेयरों में तेजी के साथ गौतम अडानी की निजी संपत्ति भी बढ़ रही है. फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स इंडेक्स (Forbes Billionaires Index) में अडानी 20वें नंबर से 17वें स्थान पर पहुंच गए है. उनकी नेटवर्थ में 5.5 अरब डॉलर का इजाफा दिखाया गया है और अभी ये 64.9 अरब डॉलर हो गई है.
टैग्स