होम / बिजनेस / Paytm पर अब नहीं लगेगा चीनी ठप्पा, Alibaba ने बेच दी पूरी हिस्सेदारी
Paytm पर अब नहीं लगेगा चीनी ठप्पा, Alibaba ने बेच दी पूरी हिस्सेदारी
अलीबाबा ने पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्यूनिकेशंस में अपनी हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बेच दी है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
डिजिटल पेमेंट कंपनी पेटीएम (Paytm) से चीन की दिग्गज कंपनी अलीबाबा (Alibaba) पूरी तरह बाहर निकल गई है. अलीबाबा ने पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्यूनिकेशंस (One 97 Communications) में अपनी 3.4 फीसदी हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बेच दी है. पिछले साल सितंबर के आखिरी तक अलीबाबा की वन 97 कम्यूनिकेशंस में 6.26 फीसदी हिस्सेदारी थी, जिसमें से उसने 3.1 इसी साल जनवरी में बेच दी थी. इसके बाद उसके पास कंपनी में 3.4 फीसदी स्टेक बचा था, जो अब उसने बेच दिया है. यानी अब Alibaba के पास Paytm का कोई शेयर नहीं है.
शेयरों में आई गिरावट
Paytm से पहले अलीबाबा (Alibaba) ने जोमैटो (Zomato) और बिगबास्केट (BigBasket) में भी अपनी हिस्सेदारी बेची थी. वहीं, अलीबाबा के इस फैसले का असर Paytm के शेयरों पर देखने को मिला. आज कंपनी के शेयर 7.82% टूटकर 650.75 रुपए पर बंद हुए. इससे पहले, दिसंबर 2022 तिमाही के शानदार नतीजे आने के बाद पेटीएम के शेयरों में जमकर खरीदारी का रुझान दिखा था.
अच्छे थे तिमाही नतीजे
अक्टूबर-दिसंबर 2022 में पेटीएम की पैरेंट कंपनी का रिवेन्यु सालाना आधार पर 41 फीसदी बढ़कर 2062 करोड़ रुपए पर पहुंच गया था. वहीं इसका नेट लॉस सालाना आधार पर 778 करोड़ से घटकर 392 करोड़ रुपए रह गया. बता दें कि सितंबर 2022 में कंपनी का घाटा 572 करोड़ रुपए था. अच्छे नतीजों के चलते कंपनी के शेयरों में तेजी का रुख था और माना जा रहा था कि जल्द ही शेयर अपने 52 वीक के हाई लेवल 958.75 रुपए पर पहुंच सकते हैं. लेकिन अलीबाबा के फैसले से गिरावट का दौर फिर से शुरू हो गया है.
कंपनी को होगा फायदा
कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि अलीबाबा का साथ छूटना Paytm के लिए अच्छा साबित हो सकता है. दरअसल, Paytm पर चीनी कंपनी होने का ठप्पा लगता रहा है, क्योंकि उसमें अलीबाबा का काफी हिस्सेदारी थी. अब जब अलीबाबा की हिस्सेदारी खत्म हो गई है, तो उससे एक अलग संदेश जाएगा जिसका फायदा कंपनी को मिल सकता है. बता दें कि One97 Communications का आईपीओ नवंबर 2021 में आया था.
टैग्स