होम / बिजनेस / Byju's में कायम है निवेशकों का भरोसा, इस विदेशी फर्म ने लगाया बंपर पैसा
Byju's में कायम है निवेशकों का भरोसा, इस विदेशी फर्म ने लगाया बंपर पैसा
अमेरिका की अल्टरनेटिव इनवेस्टमेंट फर्म Davidson Kempner ने Byju's में 25 करोड़ डॉलर निवेश किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
दुनिया की सबसे मूल्यवान एडटेक कपनी बायजूस (Byju's) ने विदेश से भारी-भरकम फंड जुटाने में सफलता हासिल की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Byju's को अमेरिका की अल्टरनेटिव इनवेस्टमेंट फर्म डेविडसन केम्पनर (Davidson Kempner) से 25 करोड़ डॉलर की फंडिंग मिली है. इंडियन करेंसी में यह रकम लगभग 2055 करोड़ रुपए हो जाती है. इतनी बड़ी फंडिंग से एक बात साफ हो गई है कि तमाम विवादों के बावजूद निवेशकों का कंपनी के फाउंडर बायजू रवींद्रन पर भरोसा कायम है.
कारोबार में आई कमी
Byju's काफी समय से फंडिंग जुटाने की कोशिशों में लगी हुई थी. दरअसल, कोरोना महामारी के बाद एडटेक कारोबार में अचानक आई गिरावट के चलते कंपनी को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में बायजूस को इस फंडिंग की काफी जरूरत थी. कुछ समय पहले यह खबर आई थी कि बायजू रवींद्रन विभिन्न माध्यमों के जरिए अमेरिका और मिडिल ईस्ट की कुछ इनवेस्टमेंट कंपनियों से 1 अरब डॉलर जुटाने की योजना पर काम कर रहे हैं. इसमें से कुछ रकम स्ट्रक्चर्ड इंस्ट्रूमेंट और बाकी इक्विटी के जरिए जुटाई जाएगी. बता दें कि स्ट्रक्चर्ड इंस्ट्रूमेंट्स, शेयरों पर आधारित इनवेस्मेंट प्रोडक्ट होते हैं, जो बाजार से लिंक रहते हैं.
ED ने की थी छापेमारी
बायजूस की 25 करोड़ डॉलर की फंडिंग की प्रक्रिया अगले एक महीने में पूरी होने की उम्मीद है. गौरतलब है कि बायजूस और उसके फाउंडर बायजू रवींद्रन का नाम पिछले कुछ समय से अलग-अलग वजह से चर्चा में बना हुआ है. हाल ही में इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट यानी ED ने फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत कंपनी के ऑफिसों पर छापे मारे थे. ED की टीम कई दस्तावेज भी जब्त कर अपने साथ ले गई थी. हालांकि, रवींद्रन ने इसे रूटीन कार्रवाई बताया था, लेकिन इससे उनके कारोबार करने के तरीकों पर जरूर सवाल उठे हैं.
स्टार्टअप्स को फंड की कमी
मौजूदा वक्त में कई स्टार्टअप्स इन दिनों फंड की कमी से जूझ रहे हैं. निवेशकों ने उनमें पैसा लगाने से हाथ खींच लिया है. एक रिपोट बताती है कि स्टार्टअप्स पर बढ़चढ़ दांव लगाने वाले इन्वेस्टर्स ने अपने निवेश में 80 फीसदी तक की कटौती कर ली है. खासकर एडटेक कंपनियों में निवेश कोरोना महामारी के बाद से घटा है. बताया जा रहा है कि ताजा फंडिंग से Byju's को अपने 1.2 अरब डॉलर के टर्म लोन-B के एक हिस्से को पूरा करने में मदद मिलेगी. कंपनी ने यह टर्म लोन 2021 में जुटाया था.
टैग्स