होम / बिजनेस / Investors को रिझाने के लिए Adani Group ने बनाया बड़ा प्लान, जानें क्या है तैयारी?
Investors को रिझाने के लिए Adani Group ने बनाया बड़ा प्लान, जानें क्या है तैयारी?
अडानी समूह निवेशकों का खोया विश्वास हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है. अब उसने विदेशों में रोड शो की योजना बनाई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का सताया अडानी समूह (Adani Group) विस्तार की योजनाओं पर ब्रेक लगाकर निवेशकों का विश्वास हासिल करने की कोशिशों में लगा है. इसी क्रम में वह अगले हफ्ते एशिया में फिक्स्ड इनकम इनवेस्टर रोड शो करने जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अडानी ग्रुप 27 फरवरी को सिंगापुर और 28 फरवरी से 1 मार्च तक हांगकांग में रोड शो करेगा.
विदेशी निवेशकों का भी लगा पैसा
अडानी समूह की कंपनियों में कई देशों के निवेशकों का पैसा लगा है. हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद से जिस तरह समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट जारी है, उससे निवेशकों का भरोसा हिल गया है. इस रोड शो के जरिए अडानी ग्रुप निवेशकों को बताना चाहता है कि उसकी आर्थिक स्थिति भरोसे के काबिल है. इसके अलावा, समूह कर्ज चुकाने पर भी फोकस कर रहा है. उसने कुछ कंपनियों के अधिग्रहण की योजनाओं को भी फिलहाल के लिए ठंडे बस्ते में डाल दिया है.
कई कंपनियों का आउटलुक घटाया
पिछले महीने अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी ग्रुप के बॉन्ड्स और शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली है. ग्रुप ने फरवरी की शुरुआत में भी इनवेस्टर्स के साथ कॉल्स आयोजित की थीं. वहीं, मूडीज की इनवेस्टर्स सर्विस ने इस महीने अडानी ग्रुप की कई कंपनियों के आउटलुक को घटाया है. जानकारी के मुताबिक, रोड शो के लिए संभावित इनवेस्टर्स को इनविटेशन भेजा जा चुका है. हालांकि, अभी तक अडानी समूह की तरफ से इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया गया है.
नहीं सुधर रहा बाजार का हाल
वहीं, स्टॉक मार्केट की बात करें तो अडानी ग्रुप की ज़्यादातर कंपनियों के शेयर आज भी लाल निशान पर ट्रेड कर रहे हैं. Adani Enterprises Ltd में करीब छह प्रतिशत की गिरावट आई है. जबकि Adani Transmissio 5% और Adani Power 4.89% की नरमी के साथ कारोबार कर रहे हैं. अडानी पोर्ट में जरूर मामूली बढ़त आई है. पिछले एक महीने में अडानी के शेयर लगभग उसी स्तर तक गिर गए हैं, जिसका उल्लेख हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में किया गया था. रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अडानी समूह की कंपनियों के शेयर 85% तक ओवरवैल्यूड हैं.
टैग्स