होम / बिजनेस / Black Friday के बाद सोमवार भी अडानी ग्रुप पर भारी, लाल निशान पर शेयर
Black Friday के बाद सोमवार भी अडानी ग्रुप पर भारी, लाल निशान पर शेयर
अडानी समूह की परेशानियां कम होने के बजाए दिन ब दिन बढ़ती जा रही हैं. उनकी कंपनियों के शेयर आज भी लाल निशान पर ट्रेड कर रहे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
अडानी ग्रुप (Adani Group) के बुरे दिन खत्म नहीं हो रहे हैं और समूह की कंपनियों में निवेश करने वालों का दुख बढ़ता जा रहा है. हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी कि आज शुरुआती कारोबार में अडानी ग्रुप की सभी लिस्टेड कंपनियों के शेयर लाल निशान पर दिखे. शुक्रवार को भी समूह के अधिकतर शेयर गिरावट के साथ बंद हुए थे. अडानी पावर, अडानी ट्रांसमिशन, अडानी ग्रीन और अडानी टोटल के शेयर तो लोअर सर्किट तक पहुंच गए थे. हिंडनबर्ग (Hindenburg) की रिपोर्ट ने गौतम अडानी को बुरी तरह प्रभावित किया है. अब उनका फोकस कारोबार के विस्तार के बजाए कर्ज चुकाने पर केंद्रित हो गया है, ताकि निवेशकों को खोता भरोसा वापस हासिल किया जा सके.
अडानी एंटरप्राइजेज
अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर आज शुरुआती कारोबार में 2.96% या 54.70 रुपए गिरकर 1,792.25रुपए पर ट्रेड करता दिखा. ये शेयर आज 1847.35 रुपए पर खुला था. पिछले पांच दिनों की बात की जाए तो इसने 8.70% की तेजी दर्ज की है, लेकिन ये गिरावट के अनुपात में बेहद मामूली है. वहीं, अडानी पोर्ट 1.68% फीसदी लुढ़ककर 574.15 रुपए पर चल रहा है. ये शेयर आज 587.05 रुपये पर खुला था.
पावर और ट्रांसमिशन
अडानी पावर में लगातार लोअर सर्किट लग रहा है. ये शेयर 4.99% या 8.20 रुपए की गिरावट के बाद 156 रुपए पर आ गया है. हालांकि, यह आज बढ़त के साथ 156.10 रुपए पर खुला था. अडानी ट्रांसमिशन के शेयर भी गिरावट का सामना कर रहे हैं. आज इसमें 5.00% की गिरावट आ चुकी है और यह करीब 60 रुपए घटकर 1,127.35 के लेवल पर आ गया है. अडानी ग्रीन भी 5 प्रतिशत या 36.20 रुपए की गिरावट के साथ 688.05 रुपए पर ट्रेड कर रहा था. ये शेयर आज 688.65 रुपये पर खुला था.
NDTV के भी हाल बेहाल
अडानी टोटल गैस में भी लगातार लोअर सर्किट लग रहा है और आज भी यह लोअर सर्किट पर ही खुला था. 5 फीसदी लुढ़ककर यह अभी 1,192.65 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. इसी तरह, अडानी विल्मर के शेयर में गिरावट देखी गई है. शुरुआती कारोबार में यह शेयर 5% गिरकर 414.10 रुपए पर आ गया है. वहीं, अडानी समूह की मीडिया कंपनी एनडीटीवी के भी हाल-बेहाल हैं. गुरुवार को इसका शेयर 4.92 फीसदी गिरा, शुक्रवार को 3.65 फीसदी और सोमवार को इसमें लोअर सर्किट लगा है. खबर लिखे जाने तक ये 4.80% की नरमी के साथ 198.50 रुपए पर था.
सीमेंट कंपनियों का हाल
अडानी ग्रुप की सीमेंट कंपनियों के शेयर भी गिरावट का सामना कर रहे हैं. अंबुजा सीमेंट जहां 5 प्रतिशत से ज्यादा कि नरमी के साथ 342.75 रुपए पर ट्रेड करते दिखाई दिया. वहीं, ACC साढ़े तीन फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ 1,814.40 रुपए के लेवल पर पहुंच गया. पिछले पांच दिनों में यह 9.70% गिर चुका है. बीच में जरूर अडानी समूह की कुछ कंपनियों के शेयरों में तेजी आई थी, लेकिन अब फिर गिरावट का दौर वापस शुरू हो गया है.
टैग्स