होम / बिजनेस / Adani की इस कंपनी के Profit में आई 50% की कमी, शेयरों ने भी लगा डाला गोता
Adani की इस कंपनी के Profit में आई 50% की कमी, शेयरों ने भी लगा डाला गोता
अडानी समूह की कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के तिमाही नतीजे खास अच्छे नहीं रहे हैं. कंपनी के मुनाफे में भारी कमी आई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
अडानी ग्रुप (Adani Group) की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Adani Enterprises Limited) ने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. इन नतीजों के सामने आते ही कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली. दरअसल, अडानी एंटरप्राइजेज के मुनाफे में करीब 50% की कमी आई है. गौतम अडानी की इस प्रमुख कंपनी ने 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में 2.28 अरब रुपए का कंसोलिडेट प्रॉफिट कमाया. एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 4.61 अरब रुपए था.
यहां भी आई गिरावट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के मुख्य कोयला व्यवसाय के राजस्व में 59.3% की गिरावट दर्ज हुई है. हालांकि कंपनी का समेकित EBIDTA 43% बढ़कर 5,874 करोड़ रुपए हो गया है. वहीं, कंपनी के नए एनर्जी सेगमेंट में रिवेन्यु लगभग तीन गुना बढ़कर 18.82 बिलियन रुपए रहा है. जबकि परिचालन से कुल रिवेन्यु 41% लुढ़ककर 225.17 बिलियन रुपए पर आ गया है. तिमाही में कंपनी का परिचालन खर्च 8% प्रतिशत बढ़ा है. जुलाई-सितंबर, 2022 में वाणिज्यिक खनन से कंपनी को 132.22 करोड़ का घाटा हुआ था, जो चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बढ़कर करीब 340 करोड़ हो गया है.
इतना नीचे आया शेयर
कंपनी के इन नतीजों का असर शेयर बाजार में उसके प्रदर्शन पर भी देखने को मिला. अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर आज गिरावट के साथ 2,214 रुपए पर बंद हुआ. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में इसमें 0.63% की गिरावट आई है और एक महीने में यह आंकड़ा 7.26% पहुंच गया है. हालांकि, बीते छह महीनों में कंपनी का शेयर 20.39% ऊपर भी चढ़ा है. इस शेयर का 52 वीक का हाई लेवल 4,190 रुपए है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने इसे कितना प्रभावित किया है.
टैग्स