होम / बिजनेस / Adani Effect से अलर्ट मोड में कंपनियां, Vedanta ने इतना कम कर डाला कर्ज
Adani Effect से अलर्ट मोड में कंपनियां, Vedanta ने इतना कम कर डाला कर्ज
वेदांता का कहना है कि मजबूत घरेलू खपत से कंपनी अपने कर्ज बोझ में आगे भी कटौती जारी रखेगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
अडानी समूह (Adani Group) पर आए संकट ने सभी कंपनियों को अलर्ट मोड में डाल दिया है. कंपनियां कर्जा पाटने पर फोकस कर रही हैं. दिग्गज माइनिंग कंपनी वेदांता (Vedanta) ने चालू वित्त वर्ष 2022-23 में अपना 2 अरब डॉलर कर्ज कम कर लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिजनेसमैन अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) की कंपनी वेदांता ने 3 सालों में अपना कर्ज 4 अरब डॉलर घटाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से आधा तो उसने इसी वित्त वर्ष में हासिल कर लिया है.
चिंता दूर करने का प्रयास
दरअसल, अडानी संकट के बाद कंपनियों की लिक्विडिटी और देनदारियों को चुकाने की क्षमता निवेशकों के बीच चिंता का विषय बन गई है. वेदांता कर्ज कम करके अपने निवेशकों की इस चिंता दूर करने की कोशिश कर रही है. कंपनी पर कुल 7.7 अरब डॉलर का कर्ज है, जिसे वह जल्द से जल्द कम करने की कोशिश कर रही है. बता दें कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद निवेशक सोच-समझकर कंपनियों में निवेश कर रहे हैं. किसी कंपनी की कर्ज चुकाने की क्षमता और देनदारियों पर उनकी सबसे ज्यादा नजर है.
दबाव में आ सकती है कंपनी
वहीं, वेदांता ने एक बयान में कहा है कि तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में मजबूत घरेलू खपत से कंपनी अपने कर्ज बोझ में आगे भी कटौती जारी रखेगी. वित्त वर्ष 2023-24 और 2024-25 में भी कर्जा कम करने का सिलसिला जारी रहेगा. मालूम हो कि क्रेडिट रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने पिछले हफ्ते कहा था कि यदि वेदांता रिसोर्सेज दो अरब डॉलर जुटाने या अपने जिंक कारोबार को बेचने में नाकाम रहती है तो उसकी क्रेडिट रेटिंग दबाव में आ जाएगी. वेदांता लिमिटेड ने अपने अंतरराष्ट्रीय जिंक कारोबार को 3 अरब डॉलर में बेचने का प्रस्ताव हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सामने रखा है.
स्टॉक मार्केट में हाल
स्टॉक मार्केट में वेदांता के प्रदर्शन की बात करें, तो आज यानी बुधवार को कंपनी के शेयर मामूली गिरावट के साथ 312.95 रुपए पर बंद हुए. बीते पांच दिनों में शेयरों में 0.19% की मामूली बढ़त आई है. छह महीनों में जरूर इस शेयर ने 19.22% का रिटर्न दिया है. वेदांता के शेयर का 52 हफ़्तों का उच्चतम लेवल 440.75 रुपए है. इस लिहाज से शेयर अभी काफी कम कीमत पर ट्रेड कर रहा है.
टैग्स