होम / बिजनेस / मीडिया सेक्टर में मजबूती से पैर जमा रहे Adani, अब इस कंपनी की पूरी हिस्सेदारी खरीदी
मीडिया सेक्टर में मजबूती से पैर जमा रहे Adani, अब इस कंपनी की पूरी हिस्सेदारी खरीदी
गौतम अडानी खुद को मीडिया सेक्टर में मजबूत कर रहे हैं. पिछले साल उन्होंने NDTV का अधिग्रहण किया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
अरबपति कारोबारी गौतम अडानी (Gautam Adani) मीडिया सेक्टर में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने में लगे हैं. इसी क्रम में उन्होंने क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड (Quintillion Business Media Pvt Ltd- QBML) में शेष 51 प्रतिशत हिस्सेदारी भी हासिल कर ली है. इसके साथ ही उनका इस कंपनी पर पूर्ण नियंत्रण हो गया है. हालांकि, अभी ये साफ नहीं हुआ है कि अडानी ने इस डील के लिए कितनी कीमत चुकाई.
क्या है QBML?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसकी सब्सिडियरी कपंनी AMG मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड ने QBML में शेष 51% हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए एक शेयर खरीद समझौता पूरा कर लिया है. QBML एक बिजनेस एवं फाइनेंस न्यूज डिजिटल प्लेटफॉर्म ऑपरेट करती है, जिसका नाम BQ Prime है. बीक्यू प्राइम को पहले 'ब्लूमबर्ग क्विंट' के नाम से जाना जाता था, जो अमेरिका के ब्लूमबर्ग मीडिया और राघव बहल के क्विंटिलियन मीडिया के बीच एक जॉइंट वेंचर था. ब्लूमबर्ग ने पिछले साल मार्च में इस वेंचर से खुद जो बाहर कर लिया था.
पहले इतने में हुई थी डील
अडानी की कंपनी एएमजी मीडिया ने इससे पहले क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया लिमिटेड (क्यूबीएमएल) में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी. यह डील 47.84 करोड़ रुपए में हुई थी. हालांकि, अभी ये पता नहीं चला है कि शेष हिस्सेदारी खरीदने की डील अडानी समूह ने कितने में की है. गौरतलब है कि अडानी समूह ने पिछले साल NDTV का अधिग्रहण किया था. इस अधिग्रहण को लेकर काफी बवाल हुआ था. समूह पर नियमों के विपरीत जाने के आरोप भी लगे थे, लेकिन आखिरी में NDTV पूरी तरह से गौतम अडानी के पास आ गया. वहीं, Quint Digital Ltd के शेयर आज बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं. खबर लिखे जाने तक कंपनी के शेयर करीब एक फीसदी के उछाल के साथ 157.10 रुपए पर पहुंच गए थे.
टैग्स